[ad_1]
भारत के 53वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में सितारों की चकाचौंध की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले दुनिया भर के सिनेप्रेमियों को इस बार हिंदी सिनेमा का कोई दिग्गज सितारा वहां उद्घाटन समारोह या किसी और दिन मुश्किल से ही नजर आएगा समारोह का उद्घाटन आने वाले रविवार यानी 20 नवंबर को होना है। और, इससे दूर रहने के लिए तमाम दिग्गज सितारे अभी से अपने विदेश दौरे पर निकलने शुरू हो चुके हैं। ले देकर गोवा में सिर्फ वहीं सितारे नजर आने वाले हैं जिनकी फिल्में इस दौरान रिलीज हो रही हैं या फिर जिनके पास खाली तारीखों का भरपूर भंडार है। हालांकि फिल्म आयोजन समिति में शामिल राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के प्रबंध निदेशक रविंद्र भाकर का कहना है कि फेस्टिवल का न्यौता सारे सितारों को भेजा गया है।
कार्तिक आर्यन सबसे बड़ा सितारा
जानकारी के मुताबिक भारत के 53वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में इस बार भारतीय सिनेमा का जो सबसे बड़ा सितारा नजर आएगा, वह कार्तिक आर्यन ही होंगे। कार्तिक आर्यन ने इस साल की पहली हिट हिंदी फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ दी है। लेकिन, इस साल के फिल्म समारोह के उद्घाटन में शरीक होने के लिए न तो दक्षिण भारतीय फिल्मों का किसी बड़े सितारे का नाम अब तक सामने आया है और न ही हिंदी या किसी अन्य भाषाई सिनेमा से। मुंबई से कार्तिक आर्यन के अलावा फिल्म समारोह के उद्घाटन वरुण धवन, कृति सैनन, सारा अली खान, मृणाल ठाकुर, अमृता खानविलकर जैसे दूसरी कतार के सितारों की मौजूदगी की ही अब तक पुष्टि हो सकी है।
भेड़िया, दृश्यम 2 और लॉस्ट का प्रदर्शन
भारत के 53वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में इस बार कुछ ऐसी फिल्मों के भी प्रीमियर आयोजित किए जा रहे हैं जो फिल्म समारोह की अवधि 20 नवंबर से 28 नवंबर के बीच रिलीज हो रही हैं। 25 नवंबर को देश दुनिया में रिलीज़ होने जा रही वरुण धवन और कृति सैनन स्टारर फिल्म ‘भेड़िया’ 21 नवंबर को गोवा में दिखाई जाएगी। ‘भेड़िया’ के अलावा अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 2’ और परेश रावल अभिनीत फिल्म ‘द स्टोरीटेलर’, रणदीप हूड़ा और इलियाना डिक्रूज की फिल्म ‘तेरा क्या होगा लवली’ और यामी गौतम की फिल्म ‘लॉस्ट’ का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इन फिल्मों के सितारे अपनी फिल्मों के प्रदर्शन के सिलसिले में वहां रहेंगे।
मास्टरक्लास में दिखेंगे ये कलाकार
इस फिल्म समारोह में बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी से इसकी चमक बढ़ाने के लिए समारोह की आयोजन समिति से जुड़े अधिकारी लगातार मेहनत कर रहे हैं। लेकिन, इनके लिए भी किसी दिग्गज सितारे ने अब तक हां नहीं की है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक भारत के 53वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में अलग अलग दिनों पर ‘मास्टरक्लास’ का आयोजन किया जा रहा है जिनके लिए अब तक नवाजुद्दीन सिद्दीकी, पंकज त्रिपाठी, अनुपम खेर, प्रसून जोशी, आशा पारेख, शेखर कपूर, ए आर रहमान, वी विजयेंद्र प्रसाद, अनीस बज्मी, कबीर खान, लव रंजन, आनंद एल राय, आर बाल्की, गौरी शिंदे, शूजीत सरकार, गुलशन ग्रोवर, अद्वैत चंदन आदि के नाम तय हो सके हैं।
सिनेमा का सबसे बड़ा मेला
अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह का उद्घाटन सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर करेंगे। उनके अलावा गोवा के राज्यपाल श्रीधरन पिल्लै, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्रा भी समारोह में मौजूद रहेंगे। इस बार समारोह में 282 फीचर फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा की नुमाइंदगी करने वाली 180 फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी।
[ad_2]
Source link