[ad_1]
हाइलाइट्स
भारत-बांग्लादेश के बीच मीरपुर में दूसरा टेस्ट 22 दिसंबर से
टीम इंडिया को इस टेस्ट जीत से होंगे दो फायदे
केएल राहुल के खेलने पर संशय की स्थिति
नई दिल्ली. भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट दूसरा और आखिरी टेस्ट मीरपुर में 22 दिसंबर यानी गुरुवार से खेला जाएगा. भारत चटगांव टेस्ट जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे है. अगर भारत मीरपुर टेस्ट जीतने में सफल रहता है तो इस एक जीत से उसके दो काम बन जाएंगे. पहला बांग्लादेश से वनडे सीरीज में मिली हार का हिसाब क्लीन स्वीप से पूरा हो जाएगा और दूसरा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीद थोड़ी और मजबूत हो जाएगी. हालांकि, भारत की राह आसान नहीं होगी. रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद कप्तानी कर रहे केएल राहुल भी घायल हो गए हैं. उनके दूसरे टेस्ट में खेलने को लेकर संशय है. अगर वो दूसरा टेस्ट नहीं खेलते हैं तो फिर टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव के साथ-साथ कप्तानी में भी परिवर्तन होगा.
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में पहले दो स्थान की रेस दिलचस्प हो गई है. दक्षिण अफ्रीका के गाबा टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हारने के बाद भारत 55.77 पर्सेंटेज पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर आ गया है जबकि ऑस्ट्रेलिया (76.92% पर्सेंटेज पॉइंट्स) के साथ पहले पायदान पर है. भारत को अगर टॉप-टू में बने रहना है तो उसे बांग्लादेश को मीरपुर टेस्ट में हराने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी-मार्च में होने वाली 4 टेस्ट की घरेलू सीरीज में कम से कम 3 टेस्ट तो जीतने होंगे. वैसे,बांग्लादेश को हल्के में करने नहीं आंका जा सकता है. पहले टेस्ट में भी बांग्लादेश ने भारत को कड़ी टक्कर दी थी.
राहुल के खेलने पर संशय
पहले टेस्ट में भारत के लिए अच्छी बात यह रही कि टॉप ऑर्डर में शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा का बल्ला जमकर बोला. श्रेयस अय्यर ने भी अहम पारी खेली. हालांकि, केएल राहुल और विराट कोहली दोनों पारियों में नाकाम रहे. इन दोनों से बैटिंग कोच ने नेट्स में भी काफी बात की है. चटगांव में तो पहले दिन के बाद पिच बैटिंग के लिए मुफीद हो गई थी. इसके बावजूद विराट कोहली दोनों पारी में 20 रन ही बना पाए. वहीं, केएल राहुल भी दोनों पारी मिलकर 45 रन बना पाए थे. ऐसे में उनसे मीरपुर टेस्ट में बड़ी पारी की उम्मीद है. हालांकि,वो चोटिल हो गए हैं और उनके खेलने पर संशय है. अगर वो नहीं खेलते हैं तो स्पेशलिस्ट ओपनर के तौर पर अभिमन्यु ईश्वरन को डेब्यू का मौका मिल सकता है.
मीरपुर में स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती
मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम का विकेट अक्सर स्पिन गेंदबाजों को मदद करता है. ऐसे में बल्लेबाजों के लिए यहां खेलना आसान नहीं होगा. इस विकेट पर टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी, ताकि चौथी पारी में बल्लेबाजी का नौबत ना आए. भारत इस टेस्ट में भी तीन स्पिनर अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और आर अश्विन के साथ उतर सकता है. वहीं, बतौर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और उमेश यादव का खेलना तय नजर आ रहा है.
Ranji Trophy: 24 में से 20 विकेट पेसरों ने लिए, बीच में मैच रुका, अंपायर ने लिया बड़ा फैसला
शाकिब मीरपुर टेस्ट में गेंदबाजी कर सकते हैं
बांग्लादेश ने पहले टेस्ट की दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की थी. टीम के कप्तान शाकिब अल हसन ने अर्धशतक लगाया था. उनके अलावा डेब्यूटेंट जाकिर हसन के बल्ले से शतक निकला था. इन दोनों के अलावा बांग्लादेश का कोई बैटर बड़ी पारी नहीं खेल पाया था. खासतौर पर लिटन दास और मुश्फिकुर रहीम जैसे अनुभवी बल्लेबाज नाकाम रहे थे. ऐसे में मीरपुर टेस्ट में इन दोनों बैटर पर बड़ी पारी खेलने का दवाब होगा. बांग्लादेश के लिए अच्छी बात यह है कि टीम के कप्तान शाकिब अल हसन मीरपुर में गेंदबाजी कर सकते हैं. यह जानकारी टीम के तेज गेंदबाजी कोच एलेन डोनाल्ड ने दी है.
पहले ऐसी जानकारी सामने आ रही थी कि शाकिब सिर्फ स्पेशलिस्ट बैटर के तौर पर इस टेस्ट में खेलेंगे. लेकिन, अगर वो गेंदबाजी करते हैं तो फिर चटगांव में जिस टीम के साथ बांग्लादेश उतरी थी, उसी प्लेइंग-XI के साथ ही मीरपुर में भी खेलेगी.
भारत का स्क्वॉड: केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), आर अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, अभिमन्यु ईश्वरन, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट.
बांग्लादेश का स्क्वॉड: महमूदुल हसन जॉय, नजमुल हुसैन शान्तो, मोमिनुल हक, यासिर अली, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन(कप्तान), लिटन दास, नुरुल हसन, मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, खालिद अहमद, जाकिर हसन, रहमान राजा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Axar patel, India vs Bangladesh, KL Rahul, Shakib Al Hasan, Team india
FIRST PUBLISHED : December 21, 2022, 20:51 IST
[ad_2]
Source link