[ad_1]

सांकेतिक फोटो
– फोटो : Social Media
विस्तार
हरियाणा के युवा खालिस्तानी संगठनों के निशाने पर आ गए हैं। इन युवकों को मोटी रकम और आधुनिक हथियार देकर टारगेट किलर के तौर पर तैयार किया जा रहा है। गांवों के कम पढ़े लिखे और जरूरतमंद युवक इनका आसानी से शिकार होते हैं। एनआईए के इनपुट दिए जाने के बाद हरियाणा पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने ऐसे युवाओं की पहचान के लिए अभियान शुरू कर दिया है।
जम्मू-कशमीर में पिछले कई माह से टारगेट किलिंग के मामले बढ़ रहे हैं। इसके अलावा, पंजाब और राजस्थान में भी ऐेेसी वारदात हुईं हैं। एनआईए को इनपुट मिले हैं कि हरियाणा के कई युवा खालिस्तानी आतंकी संगठनों के संपर्क में हैं। यह युवक हवाला के जरिये मोटी रकम हासिल करते हैं और साजिश के मुताबिक टारगेट किलिंग को अंजाम देते हैं।
इतना ही नहीं आतंकी संगठन युवाओं को आधुनिक हथियार उपलब्ध कराने समेत उनको छिपने के ठिकानों का भी इंतजाम करते हैं। इन युवकों को विदेशों में शानदार जिंदगी जीने का भी लालच दिया जाता है। बता दें कि पिछले माह से एनआईए का फोकस हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में रहा है और लगातार छापेमारी की गई हैं। इसी आधार पर एनआईए ने यह इनपुट दिया है।
सोशल मीडिया से साध रहे युवकों को
विदेशों में बैठे आतंकी संगठन युवकों से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क साध रहे हैं और उनको हथियारों के प्रति प्रभावित दिखते हैं। इसके बाद गांवों में बैठे अपने गुर्गों के जरिए उनके परिवार की आर्थिक स्थिति का पता करवाते हैं। जरूरतमंद, गरीब और कम पढ़े लिखे युवकों को लालच दिया जाता है और साथ ही उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करके उन पर अहसान किया जाता है, ताकि बाद में कोई काम बताया जाए तो युवक इंकार न कर सके। इनपुट मिलने के बाद अब हरियाणा पुलिस ने भी देश विरोधी और खालिस्तानी समर्थन में लिखी पोस्टों पर निगरानी बढ़ा दी है, साथ ही पुलिस ने गांवों में भी अपना नेटवर्क तेज कर दिया है।
कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं हरियाणा के युवा
पिछले कुछ माह की बात करें तो पड़ोसी राज्यों में हुई बड़ी वारदातों में हरियाणा के युवक शामिल रहे हैं। इनमें सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड, मोहाली खुफिया विभाग के आफिस पर राकेट लांचर हमला, डेरा प्रेमी प्रदीप हत्याकांड समेत राजस्थान में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या में भी हरियाणा के युवक शामिल पाए गए हैं। इन तमाम वारदातों में हरियाणा उन युवकों का हाथ है, जिनका पहले कोई आपराधिक रिकाॅर्ड नहीं है।
हरियाणा पुलिस ने तैयार किया खाका
आतंकियों, खालिस्तानी संगठनों और बदमाशों के गठजोड़ को तोड़ने के लिए हरियाणा पुलिस ने खाका तैयार कर लिया है। हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने बताया कि ऐसे युवकों की पहचान के लिए जमीनी स्तर पर जांच की जा रही है और संदिग्ध युवकों का कार्यप्रणाली पर निगरानी रखी जा रही है।
[ad_2]
Source link