[ad_1]
नई दिल्ली. भारत-पाकिस्तान टेस्ट. मैच का चौथा दिन. सचिन तेंदुलकर 194 रन पर खेल रहे हैं. सचिन का हर फैन उनका दोहरा शतक होते देखना चाहता है. तभी भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ पैवेलियन से पारी समाप्ति की घोषणा का इशारा करते हैं. सचिन तेंदुलकर का एक और दोहरा शतक लगान का ख्वाब चकनाचूर हो जाता है. नाराज सचिन पारी समाप्ति की टाइमिंग पर गुस्सा भी जताते हैं. यह वो किस्सा है जो ज्यादातर भारतीय क्रिकेटप्रेमी को मालूम है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत के खिलाफ बेहतरीन पारियां खेलने के लिए मशहूर ग्रीम हिक जब 98 रन पर नाबाद था, तब उसके कप्तान ने पारी समाप्ति की घोषणा कर दी थी.
बात जनवरी 1995 की है. इंग्लैंड ने एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया पर पहली पारी में 193 रन की लीड ली. इंग्लैंड के कप्तान माइक आथर्टन यह मैच हर हाल में जीतना चाहते थे. उन्होंने अपने बैटर्स को दूसरी पारी में तेजी से रन बनाने को कहा. इंग्लिश बैटर अपने प्लान में काफी हद तक कामयाब भी रहे.
इंग्लैंड ने मैच के चौथे दिन तेजी से बैटिंग करते हुए 72 ओवर में 2 विकेट पर 255 रन बना लिए. उस वक्त ग्रीम हिक 98 और ग्राहम थोर्प 47 रन पर नाबाद थे. यानी ग्रीम हिक शतक से 2 रन दूर थे तो ग्राहम थोर्प अपनी फिफ्टी से 3 रन दूर. टीब्रेक में 40 मिनट का वक्त था. तभी कप्तान माइक आथर्टन ने पारी समाप्ति की घोषणा कर दी. कहते हैं कि ग्रीम हिक कप्तान के इस फैसले से इतने नाराज हुए कि उन्होंने माइक आथर्टन से पूरी सीरीज बात नहीं की.
नतीजा यह हुआ कि ग्रीम हिक एशेज सीरीज में अपना पहला शतक लगाने से चूक गए. इत्तफाक देखिए कि 10 साल का लंबा करियर होने के बाद बावजूद ग्रीम हिक फिर एशेज सीरीज में कभी शतक नहीं लगा पाए. 65 टेस्ट मैच के करियर में उनके नाम 6 शतक और 18 अर्धशतक हैं. लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके नाम एक भी शतक नहीं है.
रही बात मैच की तो माइक आथर्टन के इस ‘बेदर्द’ फैसले के बावजूद इंग्लैंड मैच नहीं जीत सका. ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट पर 344 रन बनाकर मैच ड्रॉ करा लिया. और बात सचिन के 194 रन पर नाबाद लौटने की तो उन्होंने इस बात पर गुस्सा तो जताया था, लेकिन आखिर में उन्हें यह खुशी भी हुई होगी कि भारत ने वह मैच जीत लिया था. जबकि ग्रीम हिक ना तो शतक बना पाए और ना ही उनकी टीम जीती.
पाकिस्तान के खिलाफ जिस मैच में सचिन को 194 रन पर नाबाद लौटने का दर्द मिला था. उसी मैच में वीरेंद्र सहवाग को ‘मुल्तान का सुल्तान’ का खिताब भी मिला था. सहवाग ने इसी मैच में 309 रन की पारी खेली थी. भारत ने यह मैच पारी के अंतर से जीता था.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Ashes Series, Australia, England, India Vs Pakistan, Sachin tendulkar
FIRST PUBLISHED : February 26, 2023, 20:15 IST
[ad_2]
Source link