[ad_1]
आईपीएल 2023 में महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स कमाल का प्रदर्शन कर रही है। टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। बुधवार को सीएसके का मैच दिल्ली कैपिटल्स से चेपक स्टेडियम में होगा। इससे पहले धोनी ने ऑस्कर विजेता डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ में नजर आए बोम्मन और बेल्ली से मुलाकात की।
इस दौरान फिल्ममेकर कार्तिकी गोंसाल्विस भी मौजूद रहीं। धोनी ने बोम्मन और बेल्ली को उनके नाम के साथ सात नंबर की जर्सी गिफ्ट की। इस दौरान धोनी ने ऑस्कर अवॉर्ड के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। धोनी के साथ उनकी बेटी जीवा भी मौजूद रहीं। इसके वीडियो और तस्वीरें चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर की हैं। इस मौके पर चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन भी मौजूद रहे।
सीएसके ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- खास लोगों के साथ खास पल। वहीं, फोटो शेयर करते हुए सीएसके ने लिखा- हमारा दिल जीतने वाली टीम की सराहना! बोम्मन, बेल्ली और फिल्म निर्माता कार्तिकी गोंसाल्विस की मेजबानी करना बहुत अच्छा लगा। द एलीफेंट व्हिस्परर्स में बोम्मन और बेल्ली हाथी के बच्चों के केयरटेकर की भूमिका निभाई हैं। इस फिल्म को साल 2023 में बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म का ऑस्कर अवॉर्ड मिला था।
ऑस्कर अवॉर्ड्स सेरेमनी में गुनीत मोंगा की डॉक्यूमेंट्री फिल्म द एलिफेंट व्हिस्परर्स की भी धूम रही थी। इस फिल्म ने विदेश भी में अपना नाम कमाया और फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े अवॉर्ड को अपने नाम किया था। ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म के लिए ऑस्कर जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म है।
डॉक्यूमेंट्री के बारे में बात करें तो कार्तिकी द्वारा निर्देशित ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ एक अनाथ हाथी के बच्चे रघु और उसकी देखभाल करने वाले बोमन और बेली नाम के दो महावतों के बीच अनमोल बंधन को पर्दे पर लाती है। वह दोनों रघु को शिकारियों से बचाने और उसे पालने के लिए अपना जीवन समर्पित कर देते हैं। यह शॉर्ट फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
वहीं, चेन्नई की बात करें तो टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। सीएसके ने अब तक 11 मैच खेले हैं और उसमें से छह मुकाबलों में जीत हासिल की है। पांच मैचों में सीएसके की टीम हारी है। 13 अंकों के साथ चेन्नई की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। चेन्नई को अब बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबला खेलना है। वहीं, 14 मई को टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी। यह दोनों मुकाबले चेपक में खेले जाएंगे। वहीं, 20 मई को चेन्नई का सामना फिर से दिल्ली से होगा, लेकिन यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
[ad_2]
Source link