[ad_1]
हाइलाइट्स
भारत-वेस्टइंडीज के बीच 27 जुलाई से 3 वनडे की सीरीज खेली जाएगी
नई दिल्ली. भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट की सीरीज खत्म हो चुकी है. टीम इंडिया ने ये सीरीज 1-0 से जीती. अब दोनों टीमों के बीच वनडे फॉर्मेट में टक्कर होगी. 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज 27 जुलाई से होगा. पहला मुकाबला ब्रिजटाउन में खेला जाएगा. ये सीरीज टीम इंडिया के लिए काफी अहम है. क्योंकि इसके जरिए भारतीय टीम वर्ल्ड कप की तैयारी की अपनी शुरुआत करेगी. ऐसे में टीम मैनेजमेंट सही कॉम्बिनेशन ढूंढने की कोशिश करेगा. फिर चाहें बैटिंग हो या फिर गेंदबाजी. कप्तान रोहित शर्मा किसे मौका देंगे और किसका टिकट कटेगा, ये जानना जरूरी है.
अब वनडे विश्व कप में कम ही वक्त बचा है. ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट उन्हीं खिलाड़ियों को प्लेइंग-11 में मौका देना चाहेगा, जो अंतिम-15 में जगह बनाने की रेस में शामिल हैं.
पहले बात ओपनिंग की करें तों इसमें तो तस्वीर साफ है. कप्तान रोहित शर्मा और उनके ओपनिंग पार्टनर के रूप में शुभमन गिल का खेलना तय है. गिल का वनडे में इस साल प्रदर्शन शानदार रहा है. वो इस फॉर्मेट में दोहरा शतक भी ठोक चुके हैं. विराट कोहली का 3 नंबर का स्लॉट पक्का है. चौथे नंबर पर खेलने को लेकर दो खिलाड़ियों में खींचतान हो सकती है. एक ऋतुराज गायकवाड़ और दूसरे सूर्यकुमार यादव.
सूर्यकुमार को क्या मौका मिलेगा?
सूर्या वनडे में अब तक नाकाम रहे हैं. सूर्यकुमार की नजर इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करने पर होगी. ताकि वनडे विश्व कप के लिए अपना दावा मजबूत कर सकें. ऋतुराज को वैसे भी एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाली भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है. ऐसे में वो वनडे विश्व कप के फाइनल-15 में शायद ही नजर आएं. ऐसे में भारतीय टीम सूर्यकुमार यादव के साथ जा सकती है. इसके बाद हार्दिक पंड्या खेलेंगे.
विकेटकीपिंग में दो विकल्प हैं. एक संजू सैमसन और दूसरे ईशान किशन. ये दोनों ही विकेटकीपर विश्व कप के लिए फर्स्ट चॉइस नहीं होंगे. केएल राहुल विश्व कप के दौरान विकेटकीपिंग करते नजर आ सकते हैं. ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ जिसे भी मौका मिलेगा, वो वर्ल्ड कप में बैकअप विकेटकीपर का रोल निभाएगा. ऐसे में संजू के खेलने की संभावना ज्यादा है. क्योंकि टीम उन्हें वनडे में मैच फिनिशर के रूप में देख रही. स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा भी प्लेइंग-11 का हिस्सा रहेंगे.
कैसा होगा बॉलिंग कॉम्बिनेशन?
बॉलिंग की बात करें तो टीम 2 स्पिनर के साथ जाना चाहेगी. क्योंकि वेस्टइंडीज में पिच का मिजाज कुछ-कुछ भारत जैसा ही रहने वाला है. एक स्पिनर के रूप में रवींद्र जडेजा तो दूसरे फिरकी गेंदबाज के तौर पर भारत के पास युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के विकल्प हैं. टीम चहल को प्राथमिकता दे सकती है. पेस अटैक की कमान मोहम्मद सिराज के हाथों में होगी. उनके अलावा शार्दुल ठाकुर और मुकेश कुमार को मौका मिल सकता है.
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग-11
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार और युजवेंद्र चहल.
.
Tags: India vs west indies, Ishan kishan, Rohit sharma, Shubman gill, Team india
FIRST PUBLISHED : July 26, 2023, 06:41 IST
[ad_2]
Source link