[ad_1]

फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नूंह में सोमवार को जलाभिषेक यात्रा के दौरान हुई हिंसक घटना का असर अब तक नजर आ रहा है। कुछ उपद्रवियों ने मंगलवार देर रात पलवल में भी एक समुदाय के धार्मिक स्थल और उनके घरों पर पेट्रोल बम एवं पत्थर फेंके। इससे धार्मिक स्थल में आग लग गई। पत्थरबाजी से कुछ लोगों को चोट भी आई।
जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के नेतृत्व में भारी पुलिस मौके पर पहुंची, तब जाकर उपद्रव करने वाले बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत दमकल की गाड़ी बुलवाकर आग पर काबू पाया।
घायलों को उपचार के लिए पलवल जिला नागरिक अस्पताल में और बाद में नूंह स्थित नल्लड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार सुबह से ही उपद्रवियों की ओर से पलवल में आगजनी की घटनाओं को अंजाम देने के चलते माहौल बेहद तनावपूर्ण रहा।
पूरे दिन उपद्रवियों ने शहर में जमकर बवाल मचाया। पुलिस उन्हें एक स्थान पर जाकर रोकने का प्रयास करती तो वे दूसरे स्थान पर जाकर कोई न कोई घटना को अंजाम दे डालते। देर शाम तक यही सिलसिला चलता रहा। पुलिस शाम को लोगों के घरों में घुसने के बाद थोड़ी शांति में बैठी ही थी कि तभी रसूलपुर रोड पर स्थित एक धार्मिक स्थल तथा बाहर बने घरों पर बाइक सवार कुछ नकाबपोशों ने पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी।
[ad_2]
Source link