[ad_1]
Asia Cup 2023: क्रिकेटप्रेमियों के लिए वर्ष 2023 के आखिरी चार माह रोमांच से भरपूर रहने वाले हैं. अक्टूबर-नवंबर में वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप में एशिया के ‘सुल्तान’ का फैसला होगा. 30 अगस्त से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला वर्ल्ड कप के पहले दोनों टीमों को एक-दूसरे की ताकत परखने का मौका देगा. फाइनल 17 सितंबर को होगा. इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है. अब तक 13 एशिया कप (वनडे फॉर्मेट) में टीम इंडिया ने सर्वाधिक 6 बार विजेता रहने का श्रेय पाया है जबकि श्रीलंका पांच बार चैंपियन बना है. पाकिस्तान की टीम दो बार ही खिताब जीत सकी है. टूर्नामेंट में इस बार विजेता बनने वाली टीम बुलंद हौसले के साथ वर्ल्ड कप में उतरेगी. बता दें, वर्ष 2016 और 2022 में एशिया कप, टी20 फॉर्मेट में आयोजित हुआ था.
एशिया कप के इतिहास की बात करें तो पाकिस्तान के गुमनाम से प्लेयर फवाद आलम (Fawad Alam) रन औसत में टॉप पर हैं. फवाद ने टूर्नामेंट के चार मैचों की तीन पारियों में दो बार नाबाद रहते हुए 251.00 के औसत से इतने ही रन बनाए हैं, इस दौरान नाबाद 114 रन उनका टॉप स्कोर रहा. हालांकि 37 वर्षीय फवाद का इंटरनेशनल करियर बहुत लंबा नहीं रहा. उन्होंने पाकिस्तान के लिए महज 19 टेस्ट, 38 वनडे और 24 टी20 मैच खेले हैं. भारत के सुरिंदर खन्ना (Surinder Khanna) इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने वर्ष 1984 के पहले एशिया कप के दो मैचों में एक बार नाबाद रहते हुए 107 रन (औसत 107.00) बनाए थे. मजे की बात यह है कि सुरिंदर खन्ना का इंटरनेशनल करियर तो फवाद से भी छोटा रहा. वे भारत के लिए केवल 10 वनडे खेल सके.
टॉप-5 बैटर्स में श्रीलंका और भारत के दो-दो खिलाड़ी
एशिया कप में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (Sanath Jayasuriya) के नाम पर है जिन्होंने 25 मैचों में 53.04 के औसत से 1220 रन बनाए. इसमें छह शतक और तीन अर्धशतक हैं. टूर्नामेंट में सबसे अधिक शतक जयसूर्या के नाम पर ही हैं. श्रीलंका के ही कुमार संगकारा 24 मैचों में 48.86 के औसत से 1075 रन बनाकर दूसरे और भारत के सचिन तेंदुलकर 23 मैचों में 51.10 के औसत से 971 रन बनाकर (दो शतक) तीसरे स्थान पर हैं. पाकिस्तान के शोएब मलिक (17 मैचों में 786 रन) चौथे और भारत के रोहित शर्मा (21 मैचों में 745 रन) पांचवें नंबर पर हैं.
बॉलिंग में श्रीलंकाई प्लेयर्स का बोलबाला
एशिया कप के टॉप-5 बॉलर्स में श्रीलंकाई प्लेयर छाए हैं. शीर्ष पांच गेंदबाजों में चार श्रीलंका से हैं. करिश्माई स्पिनर मुथैया मुरलीधरन (Muttiah Muralitharan) ने 24 मैचों में सबसे ज्यादा 30 विकेट (औसत 28.83) लिए हैं. इसी देश के लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) महज 14 मैचों में 20.55 के औसत से 29 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं. श्रीलंका के अजंता मेंडिस केवल 8 मैचों में 26 विकेट लेकर तीसरे, पाकिस्तान के सईद अजमल 12 मैचों में 15 विकेट लेकर चौथे और श्रीलंका के चामिंडा वास 19 मैचों में 23 विकेट लेकर पांचवें स्थान पर हैं.
विराट कोहली के नाम पर सर्वोच्च स्कोर
एशिया कप में सर्वोच्च स्कोर भारत के विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम पर है, जिन्होंने 2012 में मीरपुर में पाकिस्तान के खिलाफ 183 रनों की दमदार पारी खेली थी. पाकिस्तान के यूनुस खान और बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम 144 रन के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं. भारत के खिलाफ 2004 में 143 रन की पारी खेलने वाले पाकिस्तान के शोएब मलिक तीसरे और बांग्लादेश के खिलाफ 2014 में 136 रन की पारी खेलने वाले विराट कोहली चौथे स्थान पर हैं.
छक्कों में ‘बूम-बूम अफरीदी’ का जलवा
एशिया कप में सबसे अधिक छक्के पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) ने लगाए हैं, उन्होंने 23 मैचों में 26 छक्के लगाए. श्रीलंका के सनथ जयसूर्या 25 मैचों में 23 छक्कों के साथ दूसरे और भारत के सुरेश रैना 13 मैचों में 18 छक्कों के साथ तीसरे क्रम पर हैं. चौथे स्थान पर भारत के रोहित शर्मा (22 मैचों में 17 छक्के) और पांचवें स्थान पर सौरव गांगुली (13 मैचों में 13 छक्के) हैं. जहां तक एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने की बात है तो यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से भारत के सौरव गांगुली, पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी और अफगानिस्तान के मोहम्मद शहजाद के नाम पर है जो 7-7 छक्के लगा चुके हैं. अफरीदी तो एशिया कप में दो बार पारी में सात छक्के जड़ चुके हैं.
पाकिस्तान ने 50 ओवर में बना डाले थे 385 रन
एशिया कप में सर्वोच्च टीम स्कोर पाकिस्तान के नाम पर है जिसने 2010 में बांग्लादेश के खिलाफ दाम्बुला में 50 ओवर में 385 रन बनाए थे. दूसरे स्थान पर भारत की टीम है जिसने 2008 में कराची में हांगकांग के खिलाफ 374 रनों का विशाल स्कोर बनाया था. इस मैच में कप्तान एमएस धोनी और सुरेश रैना ने शतक लगाए थे. तीसरे स्थान पर श्रीलंका है जिसने 2008 में लाहौर में बांग्लादेश के खिलाफ 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 357 रन बनाए थे. इस टूर्नामेंट में न्यूनतम टीम स्कोर बांग्लादेश टीम के नाम दर्ज है जो 2000 में पाकिस्तान के खिलाफ महज 87 रन पर ढेर हो गई थी.
.
Tags: Asia cup, Pakistan, Team india
FIRST PUBLISHED : August 18, 2023, 12:36 IST
[ad_2]
Source link