[ad_1]
हाइलाइट्स
वर्ल्ड कप का आयोजन 5 अक्टूबर से भारत में होगा
आईसीसी ने पहले ही 9 मैचों के शेड्यूल को रिशेड्यूल किया है
नई दिल्ली. हैदराबाद क्रिकेट संघ (HCA) ने भारत में 5 अक्टूबर से शुरू हो रहे वनडे विश्व कप के दौरान लगातार दो दिन दो मैचों की मेजबानी को संगठनात्मक और सुरक्षा कारणों से मुश्किल करार दिया लेकिन बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला (Rajeev Shukla) ने कहा कि कार्यक्रम में और बदलाव संभव नहीं है.
काफी विलंब के बाद इस साल जून में विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा की गई थी. भारतीय क्रिकेट बोर्ड ( BCCI) और आईसीसी (ICC) ने इस महीने की शुरुआत में नौ मैचों के कार्यक्रम में बदलाव किया, जिसमें जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बड़ा मुकाबला भी शामिल था. भारत और पाकिस्तान के मैच के आयोजन को एक दिन पहले 14 अक्टूबर को कर दिया गया. इसके अलावा हैदराबाद में श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान का मैच 12 अक्टूबर की जगह 10 अक्टूबर कर दिया गया. एचसीए इससे पहले नौ अक्टूबर को न्यूजीलैंड बनाम नीदरलैंड मैच की भी मेजबानी कर रहा है.
‘हमें सुरक्षा एजेंसियों के साथ काम करना होगा’
हैदराबाद पुलिस ने लगातार दो मैचों के लिए सुरक्षा प्रदान करने पर आपत्ति व्यक्त की है. एचसीए के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘मैं यह नहीं कह सकता कि इसे निश्चित रूप से बदला जाएगा, लेकिन दो दिनों में दो मैचों की मेजबानी आदर्श स्थिति नहीं हैं. मेरा मतलब है कि अगर वे (बीसीसीआई) पुनर्विचार करेंगे तो यह अच्छा होगा. हमें सुरक्षा एजेंसियों के साथ काम करना होगा.’
उन्होंने कहा, ‘कोई भी विश्व कप के दो मैचों के बीच एक दिन का समय चाहेगा. हम अब भी सुरक्षा एजेंसियों के साथ बातचीत कर रहे हैं कि यह संभव है या नहीं. इसके साथ ही हम बीसीसीआई को भी इसकी जानकारी दे रहे हैं. बीसीसीआई को पूरी तरह से पता है कि हम क्या करने की कोशिश कर रहे हैं.’
‘मैं विश्व कप के लिए हैदराबाद वेन्यू का प्रभारी हूं’
शुक्ला ने हालांकि एक आधिकारिक बयान में कहा कि और बदलाव संभव नहीं है क्योंकि इससे सभी संबंधित पक्षों को शामिल करना पड़ता है. उन्होंने कहा ,‘मैं विश्व कप के लिए हैदराबाद वेन्यू का प्रभारी हूं. अगर वहां कोई मसला होगा तो हम सुलझाने की कोशिश करेंगे. विश्व कप का कार्यक्रम बदलना आसान नहीं है और यह संभव भी नहीं है. बीसीसीआई अकेले कार्यक्रम में बदलाव नहीं कर सकता. टीमें और आईसीसी भी शामिल होती है.’
पाक वाले मैच में सुरक्षा बढ़ाए जाने की उम्मीद
हैदराबाद पुलिस किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए दो से ढाई हजार पुलिस कर्मियों को नियुक्त करती है. इस अधिकारी ने कहा, ‘पुलिस की तैनाती मैच को लेकर जोखिम का आकलन और दर्शकों की संख्या पर भी निर्भर करती है. पुलिस आकलन करती है और उसी के अनुसार तैनाती करती है.’इन मैचों में एक में पाकिस्तान की भागीदारी को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाए जाने की उम्मीद है.
पाक टीम 6 अक्टूबर को हैदराबाद में अपने अभियान की शुरुआत करेगी
पाकिस्तान की टीम 2016 टी20 विश्व कप के बाद पहली बार भारत में खेलेगी. टीम का हैदराबाद में लंबा प्रवास होगा क्योंकि उसे इसी स्थल पर विश्व कप के दो मैचों के अलावा दो अभ्यास मैचों में भी भाग लेना है. टीम विश्व कप में अपने अभियान का आगाज छह अक्टूबर को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में नीदरलैंड के खिलाफ करेगी. विश्व कप के लिए टिकटों की बिक्री 25 अगस्त से शुरू हो रही है, जिससे ज्यादातर क्रिकेट प्रशंसक को अपनी यात्रा की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है.
.
Tags: BCCI, Icc world cup, ODI World Cup, Rajeev Shukla
FIRST PUBLISHED : August 20, 2023, 20:49 IST
[ad_2]
Source link