[ad_1]
हाइलाइट्स
मैथ्यूज के आग्रह के बावजूद शाकिब ने अपील नहीं ली वापस
नई दिल्ली. श्रीलंका के अनुभवी हरफनमौला एंजेलो मैथ्यूज (Angelo Mathews) को बांग्लादेश (BAN vs SL) के खिलाफ मुकाबले में टाइम आउट दिया गया. मतलब ये कि वह एक भी गेंद खेले बिना क्रीज से पवेलियन लौट गए. मैथ्यूज को टाइम आउट कराने में बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन (Shakib Al Hasan) का बड़ा हाथ रहा. मैथ्यूज ने शाकिब की इस हरकत को शर्मनाक बताया. हालांकि दूसरी ओर, शाकिब को इसका कोई मलाल नहीं है. शाकिब ने मैच के बाद कहा कि यह नियमों के अनुसार है, इसलिए उन्हें इसका पछतावा नहीं है.
एंजेलो मैथ्यूज इंटरनेशनल क्रिकेट में टाइम आउट होने वाले पहले बैटर बने. यह घटना श्रीलंकाई पारी की 25वें ओवर में घटी. मैथ्यूज तय नियम के भीतर क्रीज पर पहुंच चुके थे. जैसे ही वह क्रीज पर पहुंचे और हेलमेट लगाने लगे तो हेलमेट का स्ट्रैप टूट गया. उन्होंने ड्रेसिंग रूम से दूसरा हेलमेट लाने का इशारा किया लेकिन इसमें दो मिनट से अधिक का समय लग गया. इस बीच शाकिब ने मैथ्यूज के खिलाफ टाइम आउट की अपील की और अंपायर मराइस इरासमस ने उन्हें आउट करार दे दिया.
‘मैं समय बर्बाद नहीं कर रहा था’
एंजेलो मैथ्यूज ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि शाकिब और बांग्लादेश की यह हरकत बेहद शर्मनाक है और उन्हें नहीं लगता कि कोई और टीम ऐसा करती. बकौल मैथ्यूज, ‘ मैं आज से पहले शाकिब और बांग्लादेश का काफी सम्मान करता था लेकिन अब ऐसा नहीं है. मैं कोई समय बर्बाद नहीं कर रहा था. सभी देख सकते हैं कि मैं क्रीज पर था लेकिन मेरे हेलमेट का स्ट्रैप टूट गया. यह सीधा सा साजो सामान के खराब होने का मामला है. शाकिब और बांग्लादेश की हरकत बेहद शर्मनाक है. अगर वे इस तरह क्रिकेट खेलना चाहते हैं तो यह बेहद शर्मनाक है. मुझे नहीं लगता कि कोई और टीम ऐसा करती. मैंने उनसे अपील वापस लेने को भी कहा लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया.’
श्रीलंका के इस ऑलराउंडर ने साथ ही कहा कि उनकी टीम के पास वीडियो साक्ष्य है कि वह समय पर क्रीज पर पहुंच गए थे और अंपायर को उन्हें आउट देने से पहले तकनीक की मदद लेनी चाहिए थी.
‘हमारे पास वीडियो का सबूत है’
एंजेलो मैथ्यूज ने कहा, ‘हमारे पास वीडियो साक्ष्य है कि मैं समय पर क्रीज पर पहुंच गया था. जब मैं क्रीज पर पहुंचा तब भी मेरे पास पांच सेकेंड बचे थे. अगर इसके बाद मेरे हेलमेट में समस्या आ गई तो मैं क्या कर सकता हूं. यह खिलाड़ी की सुरक्षा का सवाल है. अगर विकेटकीपर हेलमेट लगाए बिना स्पिनर के खिलाफ विकेटकीपिंग नहीं कर सकता तो फिर मैं गेंदबाज का सामना कैसे कर सकता था. अंपायर को मुझे आउट देने से पहले तकनीक का सहारा लेना चाहिए था. अगर तकनीक उपलब्ध है तो इसका इस्तेमाल होना चाहिए.’
‘मैं उसे अंडर-19 के दिनों से जानता हूं’
इस बीच बांग्लादेश के कप्तान शाकिब ने कहा कि उन्हें अपने फैसले का कोई मलाल नहीं है क्योंकि यह नियमों के अनुसार है. शाकिब ने कहा, ‘जब खेल रुका हुआ था तो एक फील्डर ने मुझे आकर कहा कि हमें अंपायर से अपील करनी चाहिए क्योंकि काफी समय हो गया है. हमने ऐसा किया और अंपायर ने उसे आउट दिया. मैं उसे अंडर-19 के दिनों से जानता हूं. वह मेरे पास आया और अपील वापस लेने को कहा. मैंने उसे कहा कि मैं आपकी स्थिति को समझता हूं. यह दुर्भाग्यशाली है लेकिन नियमों के अनुसार है.’ खेल भावना से जुड़े सवाल पर शाकिब ने कहा कि अगर ऐसा है तो आईसीसी को नियम बदल देना चाहिए.
बांग्लादेश की वनडे विश्व कप में श्रीलंका पर यह पहली जीत है. श्रीलंका की टीम इस हार के बाद आईसीसी विश्व कप 2023 में सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है.
.
Tags: Angelo Mathews, Bangladesh, ODI World Cup, Shakib Al Hasan, Sri lanka
FIRST PUBLISHED : November 7, 2023, 06:11 IST
[ad_2]
Source link