[ad_1]
Hate crime case in Canada : कनाडा के एडमॉन्टन में बढ़ रही गिरोह हिंसा के बीच भारतीय मूल के एक सिख व्यक्ति और उसके 11 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई. ऐसा बताया जा रहा है कि हिंसा में मारा गया सिख हरप्रीत सिंह उप्पल (41) कनाडा के संगठित अपराध के क्षेत्र का कुख्यात व्यक्ति था. एडमॉन्टन पुलिस सेवा के कार्यवाहक अधीक्षक कॉलिन डर्कसन ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि उप्पल और उसके बेटे की बृहस्पतिवार दोपहर एक गैस स्टेशन के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई.
जानबूझकर मारी गोली
गोलीबारी के समय उप्पल की कार में उसके बेटे का दोस्त भी था, लेकिन उसे इस हमले में कोई चोट नहीं पहुंची. डर्कसन ने कहा कि पुलिस को इस बात की जानकारी नहीं है कि जब हमलावरों ने फायरिंग शुरू की, तो उन्हें कार में बच्चों के होने की जानकारी थी या नहीं.
‘एडमॉन्टन जर्नल’ ने डर्कसन के हवाले से कहा, ‘लेकिन हम इतना जानते हैं कि हमलावर या हमलावरों को जब यह पता चला कि गाड़ी में (उप्पल का) बेटा भी है, तो उन्होंने जानबूझकर उसे गोली मारी.’ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि एक समय यहां ऐसा माहौल था कि लोग बच्चों को निशाना नहीं बनाते थे. किसी भी गैंग के लोग बच्चों की हत्या नहीं करते थे. वो इस सीमा रेखा का उल्लंघन करने से बचते थे, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं.’
अबतक गिरफ्तारी नहीं
पुलिस ने उप्पल के बेटे का नाम सार्वजनिक नहीं किया है. इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. वहीं ‘सीबीसी न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, उप्पल पर कोकीन रखने और तस्करी करने समेत कई आरोप लगाए गए थे. इस मामले में सुनवाई अप्रैल 2024 को शुरू हुई थी.
(इनपुट न्यूज़ एजेंसी पीटीआई-भाषा के साथ)
.
[ad_2]
Source link