[ad_1]

मोहम्मद शमी
– फोटो : ANI
विस्तार
भारतीय टीम के तेज गेंदबाद मोहम्मद शमी ने विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। शमी ने इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के सात विकेट चटकाए और विश्व कप फाइनल में भारत की जगह पक्की करने में अहम योगदान दिया। 33 वर्षीय गेंदबाज ने विश्व कप में केवल 17 मैचों में 50 विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने मैन ऑफ द मैच पुरस्कार भी अपने नाम किया।
मैच के बाद शमी ने कहा कि वह ओवर फेंकने के दौरान गेंद की गति कम करने की कोशिश कर रहे थे, ताकि बल्लेबाज शॉट लगाने को मजबूर हों। उन्होंने कहा, हम विविधताओं के बारे में बहुत बात करते हैं, लेकिन मैं अभी भी इसे बढ़ाने और नई गेंद से विकेट लेने में विश्वास करता हूं। मैंने गेंद की गति को कम करने की कोशिश पर ध्यान दिया ताकि बल्लेबाज इसे हवा में मारने को मजबूर हों। जिससे उन्हें विकेट लेने में कामयाबी मिली।
हालांकि, शमी ने इस बात को स्वीकारा कि शाम को ओस के कारण भारतीय खेमा थोड़ा परेशान था। हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के बाद शमी को प्लेइंग-11 में जगह मिली। इस पर तेज गेंदबाज ने कहा कि वह प्लेइंग-11 टीम में मौका पाने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, मैं अपने मौके का इंतजार कर रहा था। मैंने ज्यादा सफेद गेंद के साथ क्रिकेट नहीं खेला। मेरी वापसी न्यूजीलैंड के खिलाफ (धर्मशाला में) शुरू हुई।
क्रिकेट करियर
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में 03 सितंबर 1990 को जन्मे मोहम्मद शमी ने 06 जनवरी, 2013 में दिल्ली के अरुण जेटल स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। वह अब तक 100 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय (वनडे) मैच खेल चुके हैं और 99 पारियों में 194 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी तरह 64 टेस्ट मैचों में उन्होंने 229 विकेट झटके हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय की बात करें तो शमी 23 मैचों में 24 विकेट चटकाएं हैं।
पत्नी से विवाद और घरेलू हिंसा के आरोप
मोहम्मद शमी ने 2014 में मॉडल और चीयरलीडर हसीन जहां से शादी की थी। दोनों की एक बेटी है। फिलहाल दोनों अलग रह रहे हैं। दरअसल, 2018 में शमी और हसीन जहां के बीच पारिवारिक विवाद सामने आया था। हसीन ने शमी और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ घरेलू हिंसा और व्यभिचार का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। जिसमें शमी के बड़े भाई के खिलाफ भी दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। हसीन ने शमी पर घरेलू हिंसा, हत्या का प्रयास, आपराधिक धमकी समेत कई आरोप लगाए थे।
हालांकि, शमी ने सभी आरोपों से इनकार किया था और उन्हें क्रिकेट से विचलित करने की साजिश करार दिया था। दो सितंबर 2019 में कोलकाता की एक अदालत ने घरेलू हिंसा के मामले में शमी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। नौ सितंबर को जिला अदालत ने वारंट पर रोक लगा दी थी। फिलहाल हसीन जहां और शमी का तलाक केस अदालत में लंबित है। हसीन के मुताबिक, शमी गुजारा भत्ते के रूप में उन्हें हर महीने 1.30 लाख रुपये देते हैं।
मैच फिक्सिंग के आरोप
हसीन जहां ने यह भी दावा किया था कि शमी मैच फिक्सिंग में शामिल थे। इन आरोपों के बाद बीसीसीआई ने शमी को अपनी राष्ट्रीय अनुबंध सूची से हटा दिया था। बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई ने इन आरोपों की जांच की और शमी को भ्रष्टाचार के आरोपों से मुक्त कर दिया गया। साथ ही बीसीसीआई ने उनका राष्ट्रीय अनुबंध बहाल कर दिया।
आत्महत्या पर विचार
साल 2020 में शमी ने पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों के कारण मानसिक स्वास्थ्य पर पड़े विपरीत प्रभाव के बारे में बात की थी। शमी ने कहा था कि उन्हें तीन मौकों पर आत्महत्या पर विचार आया था, लेकिन उनके परिवार ने उन्हें संभाल लिया। इस तरह निजी जीवन में विवाद और चोटों के कारण शमी को क्रिकेट में दोबारा वापसी के लिए संघर्ष करना पड़ा।
[ad_2]
Source link