[ad_1]
Suryakumar Yadav VIDEO: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म की. इस सीरीज में सूर्यकुमार चोटिल हो गए थे. दुनिया के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज ने अपनी इस चोट पर अपडेट देते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह बैसाखी के सहारे चलते नजर आ रहे हैं. बता दें कि एक साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में उनके दाहिने पैर में चोट लग गई थी. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उन्हें पूरी तरह फिट होने में 7-8 सप्ताह का समय लग सकता है.
सूर्यकुमार ने शेयर किया वीडियो
सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर अपना बैसाखी के सहारे चलते हुए वीडियो पोस्ट किया है. वह इस दौरान मस्ती करना नहीं भूले. इस वीडियो पर उन्होंने बॉलीवुड की फिल्म वेलकम का एक फेमस डायलॉग ‘मेरी टांग नकली है…’ जोड़ा है. उनके इस वीडियो पर फैंस काफी रिएक्ट भी कर रहे हैं. एक यूजर ने तो उनकी इस पोस्ट पर कमेंट कर लिखा, ‘मोये मोये.’
इंजरी पर दिया अपडेट
हालांकि, उन्होंने अपनी चोट पर अपडेट देते हुए कैप्शन में लिखा, ‘थोड़ा गंभीर नोट पर, इंजरी कभी भी मजेदार नहीं होती हैं, लेकिन मैं इसे गंभीरता से लूंगा और कुछ ही समय में पूरी तरह से फिट होकर वापस आने का वादा करता हूं! तब तक, आशा है कि आप सभी छुट्टियों के मौसम का आनंद ले रहे होंगे और छोटी-छोटी खुशियां पा रहे होंगे, हर रोज.’
अफगानिस्तान सीरीज पर कोई अपडेट नहीं
भारत को जनवरी में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. इस सीरीज में सूर्यकुमार खेल पाएंगे या नहीं, इसको लेकर उन्होंने कोई अपडेट नहीं दिया है. हालांकि, BCCI ने अभी अफगानिस्तान सीरीज के लिए स्क्वॉड का ऐलान नहीं किया है. इसके ऐलान में क्लियर हो जाएगा कि सूर्या खेलेंगे या नहीं. यह सीरीज 11 जनवरी से भारत में ही खेली जाएगी. आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत की यह आखिरी टी20 सीरीज होगी.
बने थे प्लेयर ऑफ द सीरीज
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खेली गई T20I सीरीज में सूर्यकुमार को दो मैचों में 156 रन बनाने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ अवॉर्ड मिला था. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और अर्धशतक निकला था. इस साल 18 T20I में सूर्यकुमार ने 48.86 की औसत और 155.95 की स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112 है. उन्होंने इस साल दो शतक और पांच अर्द्धशतक बनाए हैं. कुल मिलाकर 60 T20I में, सूर्यकुमार ने 45.55 के औसत और 171 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 2,141 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और 17 अर्द्धशतक शामिल हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 है.
[ad_2]
Source link