[ad_1]
इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर दो सुपरस्टार्स की फिल्मों के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। नाम आप समझ गए होंगे! जी हां, बात प्रभास की ‘सलार’ और शाहरुख की ‘डंकी’ के मुकाबले की हो रही हैं। एक दिन के आगे-पीछे रिलीज हुईं दोनों फिल्मों में ‘सलार’ का प्रदर्शन ‘डंकी’ से बेहतर है। फिल्में देखने के लिए दर्शक जहां सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर एक नया स्यापा छिड़ा है। शाहरुख खान के फैंस ‘सलार’ के निर्माताओं पर फेक बॉक्स ऑफिस फिगर दिखाने के आरोप लगा रहे हैं। साथ ही, कॉरपोरेट बुकिंग को लेकर भी फिल्म निशाने पर है। ऐसे ही आरोप प्रभास के फैन की तरफ से ‘डंकी’ के मेकर्स पर लग रहे हैं। आखिर क्या है ये कॉरपोरेट बुकिंग? कहां से शुरू हुआ इसका ट्रेंड? समझते हैं…
‘डंकी’ से दोगुना ‘सलार’ का कलेक्शन
‘डंकी’ का कलेक्शन ‘सलार’ से काफी पीछे है। बता दें कि ‘सलार’ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। वहीं, ‘डंकी’ अभी 200 करोड़ तक भी नहीं पहुंची है। ‘डंकी’ से ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी सफलता की उम्मीद लगाए बैठे शाहरुख के फैंस ये देखकर निराश हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर ‘सलार’ को निशाना बनाते हुए फिल्म के मेकर्स पर फर्जी बॉक्स ऑफिस फिगर दिखाने का आरोप लगाया जा रहा है। ‘देखते-देखते एक्स पर ‘स्कैमर सलार’ ट्रेंड करने लगा है। दूसरी तरफ, प्रभास के फैंस भी ‘डंकी’ पर कॉरपोरेट बुकिंग और बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में हेर-फेर का आरोप लगा रहे हैं।
क्या होती है कॉरपोरेट बुकिंग?
कॉरपोरेट बुकिंग एक टर्म है, जिसमें किसी सितारे की फिल्म के कुछ निश्चित टिकट वे सारे ब्रांड्स खरीदते हैं, जिनके लिए एक्टर एड करता है। मसलन कोई स्टार अगर 15 ब्रांड्स का अंबेसडर हैं। ऐसे में उसकी फिल्म रिलीज होने पर हरेक ब्रांड उसकी फिल्म के एक-एक करोड़ रुपये के टिकट खरीद लेता है और इसके कोड्स अपने ग्राहकों, डीलर्स आदि में फ्री में बांट देता है। इस तरह की जाने वाली टिकट बुकिंग को ‘कॉरपोरेट बुकिंग’ कहा जाता है। इस बीच बेशक शाहरुख के फैंस ‘सलार’ पर कॉरपोरेट बुकिंग के आरोप लगा रहे हों, मगर इससे पहले शाहरुख खान की ‘पठान’ और ‘जवान’ की भी खूब कॉरपोरेट बुकिंग हुई थी।
इसी साल रिलीज हुई सनी देओल अभिनीत और अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म ‘गदर 2’ के समय भी ‘ऑर्गेनिक कलेक्शन’ और ‘कॉरपोरेट बुकिंग’ जैसे टर्म खूब चर्चा में आए। ‘गदर 2’ कलेक्शन के पोस्टर्स में लिखा गया था कि कलेक्शन पूरी तरह से ऑर्गैनिक हैं। एक बातचीत में निर्देशक अनिल शर्मा ने भी कहा था, ‘सारे लोग जानते हैं कि गदर के कलेक्शन ऑर्गैनिक हैं। इंडस्ट्री में लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते रहते हैं। लेकिन मैं यहां गदर की कलेक्शन पर बात कर सकता हूं। बाकि दूसरे क्या हैं, वो जानें…उनका जमीर जाने’।
[ad_2]
Source link