[ad_1]
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर लगातार टी20 विश्व कप में खेलने की खबरें सामने आ रही हैं. इस बारे में अब पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी बात की है. उन्होंने जून में होने वाले टी20 विश्व कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली के खेलने का समर्थन किया. गावस्कर ने कहा ये दोनों सीनियर खिलाड़ी भारतीय टीम में सिर्फ अहम बल्लेबाज ही नहीं बल्कि शानदार क्षेत्ररक्षक भी हैं.
रोहित और कोहली दोनों 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली हार के बाद से भारत के लिए इस प्रारूप में नहीं खेले हैं. दोनों ही खेल के इस छोटे प्रारूप में वापसी के लिए उत्सुक हैं. गावस्कर ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘‘मुझे उनकी फील्डिंग अच्छी लगती है. विराट कोहली और रोहित शर्मा अब भी बेहतरीन फिल्डर हैं और मैदान पर उनसे काफी मदद मिलेगी. साथ ही ड्रेसिंग रूम में उनके सीनियर होने के साथ वे मैदान पर भी योगदान करेंगे.’’
उन्होंने कहा, ‘‘कभी कभार आप जब 35-36 साल की उम्र में होते हो तो आपके एक्शन धीमे हो जाते हो. आपका थ्रो भी उतना जानदार नहीं रहता. इसलिए आपको मैदान में क्षेत्ररक्षण के लिए खिलाड़ियों को सजाते हुए कहां खड़ा किया जाये, इस पर चर्चा होती है. लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों के साथ ऐसी कोई समस्या नहीं है क्योंकि ये दोनों अब भी शानदार क्षेत्ररक्षक हैं.’’
टी20 विश्व कप वेस्टइंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में एक से 29 जून तक खेला जायेगा. रोहित की अनुपस्थिति में हार्दिक पंड्या टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम की अगुआई कर रहे हैं. इस आल राउंडर को मुंबई इंडियंस में भी रोहित की जगह कप्तानी दी गयी है. रोहित को अगर टीम में शामिल किया जाता है तो क्या वह छोटे प्रारूप में भारतीय टीम की अगुआई करेंगे, लेकिन इसका पता अभी नहीं लगा है. पर रोहित के अनुभव को देखते हुए गावस्कर का मानना है कि टीम का नेतृत्व नहीं करने के बावजूद वह काफी कुछ दे सकते हैं.
गावस्कर ने कहा, ‘‘हम नहीं जानते कि रोहित कप्तान होगा या नहीं, लेकिन जो भी हो, कोई भी कप्तान हो, उसे इससे फायदा जरूर मिलेगा. पिछले डेढ़ साल से कोहली इतनी शानदार फॉर्म में हैं. 2023 विश्व कप में उनका प्रदर्शन अविश्सनीय रहा जिसमें उन्होंने तीन शतक से 750 रन बनाए. इसलिए उनकी सीमित ओवरों की बल्लेबाजी में कोई संदेह ही नहीं है.’’
.
Tags: Icc T20 world cup, Rohit sharma, Sunil gavaskar, T20 World Cup, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : January 6, 2024, 16:30 IST
[ad_2]
Source link