[ad_1]
नई दिल्ली. श्रेयस अय्यर, ईशान किशन जैसे भारतीय क्रिकेटरों के लिए यह वीकेंड अहम होने वाला है. ये खिलाड़ी 12 जनवरी से शुरू हो रहे रणजी मुकाबलों में उतर रहे हैं. श्रेयस अय्यर और ईशान किशन दोनों ही टीम इंडिया से जगह गंवा चुके हैं. अगर उन्हें वापसी करनी है तो रणजी मुकाबलों में बड़ी पारियां खेलनी होगी. चेतेश्वर पुजारा के लिए भी यह बड़ा मौका है. पिछले मैच में दोहरा शतक लगाने वाले पुजारा अगर फिर बड़ी पारी खेलते हैं तो चयनकर्ताओं की सिरदर्दी बढ़ा सकते हैं.
भारतीय क्रिकेट टीम जब अफगानिस्तान से टेस्ट सीरीज खेल रही होगी, उन्हीं दिनों में रणजी ट्रॉफी के 16 मुकाबले भी चल रहे होंगे. 12 जनवरी से खेले जाने वाले इन मुकाबलों में कुछ बेहद अहम हैं. खासकर मुंबई बनाम आंध्र का मैच. इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर मुंबई की ओर से उतरेंगे. अय्यर हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में नाकाम रहे थे. ऐसे में उन्हें अपनी जगह पाने के लिए रणजी मैच में अच्छी पारी खेलनी होगी.
अजिंक्य और हनुमा को भी उम्मीद
इसी मुकाबले में मुंबई की ओर से अजिंक्य रहाणे और सरफराज खान भी उतरेंगे. रहाणे की टीम इंडिया में वापसी की सारी उम्मीद अब रणजी मुकाबलों से ही है. आंध्र की ओर से हनुमा विहारी की स्थिति भी रहाणे जैसी ही है. वे भी टीम इंडिया से बाहर होने के बाद वापसी की कोशिश में जुटे हैं.
ईशान किशन-मयंक अग्रवाल भी रेस में
ईशान किशन भी रणजी मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन कर टीम इंडिया में लौटने की कोशिश करेंगे. महज कुछ वक्त में तीनों फॉर्मेट की टीमों जगह बनाने वाले ईशान किशन दक्षिण अफ्रीका दौरे से अचानक लौट आए थे. इसके बाद उन्हें अफगानिस्तान से टी20 सीरीज के लिए भी भारतीय टीम में नहीं चुना गया. कर्नाटक के मयंक अग्रवाल भी रणजी मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं के सामने विकल्प पेश करने का प्रयास करेंगे.
.
Tags: Ishan kishan, Ranji Trophy, Shreyas iyer
FIRST PUBLISHED : January 11, 2024, 12:41 IST
[ad_2]
Source link