[ad_1]
नई दिल्ली. इंटरनेशनल क्रिकेट में कुछ ऐसे खिलाड़ी हुए हैं जिन्होंने अपने शुरुआती प्रदर्शन से चकाचौंध बिखेरते हुए सुनहरे भविष्य की उम्मीद जगाई लेकिन जल्द ही ओझल हो गए. पाकिस्तान (Pakistan Cricket Team) के आबिद अली (Abid Ali) को भी इसी श्रेणी में रखा जा सकता है. डोमिस्टिक क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें 30 वर्ष के बाद ही इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिल पाया.
ओपनर की हैसियत से पाकिस्तान के लिए खेले आबिद ने पहले वनडे और पहले टेस्ट में शतक जड़कर इतिहास रचा. वे दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं जिसने क्रिकेट के दोनों फॉर्मेट के डेब्यू मैच में सैकड़ा जड़ा है. हालांकि वे ज्यादा समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल सके और 16 टेस्ट और 6 वनडे के बाद ही उनके सफर पर ब्रेक लग गया.
मजे की बात यह है कि आबिद की वनडे की आखिरी तीन पारियां 74, 21 व 22 और टेस्ट की आखिरी तीन पारियां 133, 91 व 39 रन की रहीं. दाएं हाथ के इस बैटर के करियर को उस समय झटका लगा जब दिसंबर 2021 में कायदे-आजम ट्रॉफी के एक मैच के दौरान उन्हें दिल की गंभीर बीमारी के बारे में पता चला. आबिद ने सीने में दर्द की शिकायत की जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें एक्यूट कोरोनरी सिंड्रोम का पता चला. उनकी एंजियोप्लास्टी हुई. हालांकि अब वे बीमारी से उबर चुके हैं लेकिन बढ़ती उम्र के कारण इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की संभावना कम होती जा रही है.
एक ही मैच में ब्रैडमैन के दो बड़े रिकॉर्ड तोड़ने से चूके थे वीरू, यह था कारण
आबिद अली ने 16 टेस्ट के अपने करियर में चार शतक लगाए जिसमें एक दोहरा शतक शामिल रहा. Abid Ali/X
32 वर्ष की उम्र में किया इंटरनेशनल डेब्यू
तकनीकी रूप से बेहद मजबूत आबिद अली ने पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट में रनों और शतकों का अंबार लगाया है लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में प्रवेश के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा. 16 अक्टूबर 1987 को लाहौर में जन्मे आबिद ने जनवरी 2005 में पहला लिस्ट ए मैच खेला और दिसंबर 2007 में पहला फर्स्ट क्लास मैच. लेकिन पाकिस्तान के लिए खेलने का पहली बार मौका उन्हें 29 मार्च 2019 को तब मिला जब उनकी उम्र 31 वर्ष से अधिक हो चुकी थी.
क्रिकेटर जो तेज गेंदबाज थे और स्पिनर भी, इंटरनेशनल मैचों में निभाया ‘डबल रोल’
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे डेब्यू
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आबिद को वनडे डेब्यू का मौका मिला जिसे उन्होंने दोनों हाथों से लपकते हुए शतकीय पारी खेली. दुबई में पांच वनडे की सीरीज के इस चौथे मैच में आबिद ने 119 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 112 रन बनाए और तीसरे विकेट के लिए रिजवान के साथ 144 रन की साझेदारी की. विकेटकीपर बैटर रिजवान ने भी मैच में शतक (104) बनाया था. हालांकि इसके बावजूद पाकिस्तान को मैच में 6 रन की हार का सामना करना पड़ा.
कोई सिंगर,कोई फोटोग्राफर तो कोई डांसर, भारत के दिग्गज क्रिकेटरों के खास शौक
डेब्यू के बाद 5 वनडे और खेल पाए
इस शानदार डेब्यू के बाद आबिद पांच वनडे और खेल सके जिसमें उन्होंने 74 के उच्च स्कोर के साथ 122 रन बनाए. 1 नवंबर 2020 को रावलपिंडी में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के बाद उन्हें वनडे खेलने का मौका नहीं मिल पाया. 6 वनडे की छह पारियों ने आबिद ने एक शतक और एक अर्धशतक के साथ 234 रन बनाए. उनका रन औसत 39 और स्ट्राइक रेट 93.60 का रहा.
पांचवां मैच, एक जैसा स्कोर और…,एमएस धोनी के करियर से जुड़ा है अजब संयोग
श्रीलंका के खिलाफ खेला पहला टेस्ट
टेस्ट डेब्यू के लिए तो आबिद को 32 वर्ष से अधिक उम्र तक इंतजार करना पड़ा. पहले टेस्ट में भी शतक जड़ने वाले आबिद की इस फॉर्मेट की शुरुआती तीन पारियों में दो शतक शामिल हैं. उन्होंने दिसंबर 2019 में रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया और पहली पारी में नाबाद 109 रन बनाए. ड्रॉ रहे इस मैच में आबिद ने 201 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए थे. कराची में सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में भी उन्होंने पहली पारी में 38 और दूसरी पारी में 174 रन बनाए. 16 टेस्ट में चार शतक और तीन अर्धशतक की मदद से 1180 रन (औसत 49.16) उनके नाम पर दर्ज हैं.
खास बात यह है कि आबिद के चार टेस्ट शतकों में नाबाद 215 और 174 रन की दो बड़ी पारियां शामिल हैं. दिसंबर 2021 में बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर टेस्ट के बाद से आबिद कोई टेस्ट नहीं खेले हैं. एंजियोप्लास्टी के बाद वे मैदान पर वापसी कर चुके हैं. 36 वर्ष के आबिद अभी भी घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी की संभावना बेहद कम है.
पहली नजर में प्यार….रोचक है ‘विदेशी दामाद’और ‘भारत की बेटी’ की लवस्टोरी
एशिया के बाहर बल्ले से नहीं निकले रन
बीमारी, बढ़ती उम्र और एशिया महाद्वीप के बाहर कमजोर बैटिंग रिकॉर्ड आबिद की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की राह का बड़ा रोड़ा है. पाकिस्तान में खेले गए मैचों में उनका औसत 50.57 और बांग्लादेश में खेले गए मैचों में 87.66 का रहा है लेकिन इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के मैचों में यह गिरते हुए क्रमश: 27.80, 19.00 और 18.25 पर आ गया. एशिया के बाहर जिम्बाब्वे ही ऐसा देश है जिसके खिलाफ उसी के मैदान पर आबिद ने दो टेस्ट में 275 का औसत दर्ज किया. दूसरे शब्दों में कहें तो अपने मुल्क के बाहर खेले गए मैचों में वे मजबूत टेस्ट टीमों के खिलाफ ज्यादा रन नहीं बना सके है. वनडे करियर के छह मैचों में से आबिद ने पांच पाकिस्तान और यूएई में खेले लेकिन इंग्लैंड में खेले गए एकमात्र मैच में वे 5 रन ही बना पाए थे.
.
Tags: Abid ali, Cricket, Pakistan cricket, Pakistan cricket team
FIRST PUBLISHED : February 26, 2024, 08:16 IST
[ad_2]
Source link