[ad_1]
IND vs ENG 5th Test: इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो धर्मशाला में अपने करियर का 100वां टेस्ट मैच खेलेंगे. इससे पहले उन्होंने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में होने वाले मैच की पिच को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि यहां की पिच पिछले महीने हुए रणजी ट्रॉफी मुकाबलों में इस्तेमाल होने वाली है. बता दें कि 7 मार्च से भारत और इंग्लैंड 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला इसी मैदान पर खेलेंगे. भारत ने सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त ली हुई है. टीम इंडिया के ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन का भी यह 100वां टेस्ट मैच होगा.
100वें टेस्ट पर बोले बेयरस्टो
टेस्ट मैचों का शतक पूरा करने की दहलीज पर खड़े इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने धर्मशाला टेस्ट से पहले कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि तक पहुंचना उनके लिए बहुत मायने रखता है, क्योंकि इस बीच उन्हें कई कड़ी चुनौतियों से गुजरना पड़ा. बेयरस्टो इंग्लैंड के 17वें खिलाड़ी बन जाएंगे, जिन्होंने देश के लिए 100 या इससे ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं. बेयरस्टो ने कहा, ‘यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है. कोई भी बच्चा जब पेशेवर क्रिकेट की अपनी यात्रा शुरू करता है तो वह 100 टेस्ट मैच खेलना चाहता है. मैंने 2012 में लॉर्ड्स में डेब्यू किया था और अगर 12 साल बाद आप कहते हैं कि मैं 100 टेस्ट मैच खेलने जा रहा हूं तो यह बेहद खुशी का पल होगा.’
धर्मशाला की पिच पर दिया बयान
प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए बेयरस्टो ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम की पिच के बारे में बात की और कहा कि यह रणजी ट्रॉफी मैच का इस्तेमाल किया हुआ विकेट है. उन्होंने कहा, ‘यह पिछले महीने रणजी ट्रॉफी की इस्तेमाल की गई पिच है… देखते हैं. ग्राउंड स्टाफ ने यहां के मौसम को देखते हुए पिच के साथ अद्भुत काम किया है. उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है, यहां धर्मशाला में आउटफील्ड के साथ काम किया. अच्छा लग रहा है. यह मैदान दुनिया के सबसे खूबसूरत स्थानों में से एक है.’
‘दोनों टीम के लिए अच्छा होगा’
मैच के लिए तैयार की गई पिच के बारे में बेयरस्टो ने कहा कि मैदानकर्मियों ने बहुत अच्छा काम किया है. बता दें कि वनडे वर्ल्ड कप के दौरान यहां के विकेट की काफी आलोचना हुई थी. उन्होंने कहा, ‘यदि वनडे वर्ल्ड कप की आउटफील्ड को ध्यान में रखते हुए बात करें तो मैदानकर्मियों ने बेहतरीन काम किया है. पिच अच्छी नजर आ रही है और अगर आप इससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की तरफ इशारा कर रहे हैं तो यह दोनों टीम के लिए अच्छा होगा.’ बात दें कि बेयरस्टो ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 100वां मैच भी धर्मशाला में ही खेला था. उन्होंने इस मैच स्थल के बारे में कहा, ‘केपटाउन मेरा पसंदीदा मैदान है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वर्ल्ड में धर्मशाला से खूबसूरत कोई और मैदान है.’
हिमाचल में हुए 4 रणजी मैच
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मौजूद रणजी सीजन के चार मुकाबले खेले गए थे. हालांकि, एक दिलचस्प आंकड़ा यह है कि तीन मैचों का नतीजा निकला, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की. हिमाचल की टीम अपने घरेलू मैदान पर एक भी मैच जीतने में कामयाब नहीं रही. दिल्ली, उत्तराखंड और बड़ौदा ने यहां मुकाबले जीते, जबकि मध्यप्रदेश से हिमाचल ने ड्रॉ मैच खेला था. इस मैदान पर आखिरी रणजी मैच 9-12 जनवरी के बीच खेला गया था. हालांकि, भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच से पहले पिच पर ज्यादा काम करने का समय नहीं मिला है, क्योंकि हिमचाल में लगातार बारिश हो रही है. देखने वाली यह होगी कि मैच के दिनों में मौसम कैसा रहेगा.
[ad_2]
Source link