[ad_1]

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन
– फोटो : ANI
विस्तार
अमेरिका के आसमान में एक चाइनीज जासूसी गुब्बारा दिखाई दिया है। पेंटागन ने बताया है कि यह गुब्बारा तीन बसों के आकार के बराबर बड़ा है। वहीं, अब इस मामले में एक बड़ा अपडेट आया है। एक अमेरिकी अधिकारी ने जानकारी दी है कि चाइनीज जासूसी गुब्बारा दिखने के बाद विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपनी इसी महीने में होने वाली बीजिंग की यात्रा स्थगित कर दी है।
दो दिवसीय बीजिंग यात्रा थी प्रस्तावित
गौरतलब है कि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन पांच और छह फरवरी को दो दिवसीय यात्रा पर चीन जाने वाले थे। हाल ही में उनके इस दौरे को लेकर व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि चीन द्वारा बीते साल अगस्त में तत्कालीन अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी की ताइवान यात्रा का विरोध करने के बाद दोनों देशों के बीच सेनाओं और जलवायु परिवर्तन जैसे कई मुद्दों पर बातचीत को रोक दिया गया था। इस यात्रा में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन चीनी अधिकारियों के साथ रूस और यूक्रेन युद्ध पर चर्चा करने वाले थे।
अमेरिका के आसमान पर दिखा था गुब्बारा
पेंटागन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने बताया था कि अमेरिकी सरकार ने आसमान में ऊंचाई पर उड़ते एक गुब्बारे का पता लगाया है, जो कि अभी अमेरिकी उपमहाद्वीप के ऊपर उड़ रहा है। नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड लगातार इस गुब्बारे को ट्रैक कर रहा है और इस पर नजर बनाए हुए है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को चीन का यह जासूसी गुब्बारा मोंटाना इलाके के ऊपर उड़ रहा था। गौरतलब है कि इस इलाके में स्थित एयरफोर्स बेस पर अमेरिका के तीन न्यूक्लियर मिसाइल तैनात हैं।
यह जासूसी गुब्बारा नागरिक हवाई उड़ानों की सीमा के ऊपर उड़ रहा है। हालांकि अमेरिका ने यह नहीं बताया कि यह गुब्बारा कितनी ऊंचाई पर उड़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को इसके बारे में जानकारी दे दी गई है। बीते दिनों ताइवान के मुद्दे पर चीन और अमेरिका के बीच तनाव के हालात थे। अमेरिका के अधिकारियों ने चीनी अधिकारियों से भी इस मुद्दे पर बात की है। वहीं जासूसी गुब्बारे के मसले पर चीन ने कहा है कि वह अमेरिका के ऊपर जासूसी गुब्बारे की रिपोर्ट देखी है। हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का हमारा कोई इरादा नहीं है और हम कानून का पालन करते हैं।
[ad_2]
Source link