[ad_1]
हाइलाइट्स
बांग्लादेश की टीम एशिया कप से बाहर हो गई है
श्रीलंका ने रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से हराया
कप्तान शाकिब ने खिलाड़ियों को दिमाग से काम करने को कहा है
नई दिल्ली. कप्तान शाकिब अल हसन ने बांग्लादेश की टीम को चेतावनी दी कि उन्हें अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना चाहिए. बांग्लादेश की टीम एशिया कप में श्रीलंका से हारकर बाहर हो गई है. श्रीलंका ने दुबई के मैदान पर करो या मरो मुकाबले में बांग्लादेश को रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से हराया और सुपर फोर में प्रवेश किया. मुकाबले से पहले श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच कड़वा वाकयुद्ध भी देखने को मिला. अहम मुकाबले से पहले श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने कहा था कि बांग्लादेश में मुस्तफिजुर रहमान और शाकिब अल हसन के अलावा वर्ल्ड क्लास गेंदबाज नहीं हैं. शनाका के बयान पर बांग्लादेश के टीम डायरेक्टर खालिद महमूद ने पलटवार किया था.
महमूद ने तीखा बयान देते हुए कहा, “मुझे श्रीलंका में भी कोई वर्ल्ड क्लास गेंदबाज नहीं दिखता… हमारे पास कम से कम दो हैं.” इसके बाद श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने के ट्वीट से यह विवाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा का केंद्र बना. जयवर्धने ने ट्वीट किया, “ऐसा लगता है कि श्रीलंका के गेंदबाजों के लिए क्लास और बल्लेबाजों को यह दिखाने का समय आ गया है कि वे मैदान पर कौन हैं.”
बांग्लादेश के कप्तान और ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने हालांकि मैच के परिणाम पर इस विवाद का असर पड़ने से इंकार किया. हालांकि, उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की टीम को दिमाग से खेलने की जरूरत है. शाकिब ने कहा, “हम बहुत भावुक हैं. यही वह जगह है जिसमें हमें सुधार करने की जरूरत है. भावनाओं को किनारे रखें और जिस तरह से हमें खेलने की जरूरत है वैसे खेलें. खेल में अपने दिल की तुलना में दिमाग का प्रयोग ज्यादा करें.”
श्रीलंका के बल्लेबाज भानुका राजपक्षे ने अपने कप्तान दासुन शनाका के बयान का बचाव किया. उन्होंने कहा कि कप्तान के बयान का गलत अर्थ निकाला गया. राजपक्षे ने कहा, “कप्तान ने जो बयान दिया, मुझे नहीं लगता कि उनका कोई गलत मतलब था. बेशक, जब आप खतरनाक अफगानिस्तान के गेंदबाजों की तुलना करते हैं, तो उनके सामने बांग्लादेशी गेंदबाजों का सामना करना आसान होता.” राजपक्षे ने आगे कहा, “भारत-पाकिस्तान की तरह, श्रीलंका-बांग्लादेश के बीच भी एक अच्छी प्रतिद्वंद्विता है, लेकिन हम मैदान के बाहर दोस्त हैं.”
यह भी पढे़ं:
पाक जर्नलिस्ट का सवाल सुन हंसी नहीं रोक पाए सूर्यकुमार यादव, दिया मजेदार जवाब-VIDEO
Asia Cup 2022: पाकिस्तान या हॉन्गकॉन्ग, भारत से कौन भिड़ेगा? आज शारजाह में होगा फैसला
बांग्लादेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 183 रन का स्कोर बनाया. हालांकि, उसके गेंदबाज स्कोर का बचाव करने में असफल रहे. कप्तान शाकिब ने 4 ओवर में 31 रन दिए लेकिन वह विकेट नहीं ले सके. श्रीलंका के पुछल्ले बल्लेबाजों को आखिरी 12 गेंदों में 25 रन की जरूरत थी लेकिन बांग्लादेश के गेंदबाजों के नो और वाइड गेंद ने टीम का काम आसान कर दिया. श्रीलंका और बांग्लादेश दोनों टीमों को अपने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था. ग्रुप बी से अफगानिस्तान और श्रीलंका ने सुपर फोर में जगह बनाई है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Asia cup, Bangladesh, Dasun Shanaka, Shakib Al Hasan, Sri lanka
FIRST PUBLISHED : September 02, 2022, 13:17 IST
[ad_2]
Source link