[ad_1]
हाइलाइट्स
पाकिस्तान ने भारत को एशिया कप में 5 विकेट से हराया
मोहम्मद रिजवान ने अर्धशतकीय पारी खेली
नई दिल्ली. पाकिस्तान ने एशिया कप के ग्रुप-स्टेज में भारत के हाथों मिली हार का हिसाब सुपर-4 में चुकता कर लिया. पाकिस्तान ने जीत के 182 रन के लक्ष्य को 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया. पाकिस्तान की जीत में मोहम्मद रिजवान के अर्धशतक की अहम भूमिका रही. उनके अलावा मोहम्मद नवाज ने भी 42 रन की अहम पारी खेली. भारत की हार के सबसे बड़े गुनहगार हार्दिक पंड्या रहे. इस मैच में उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों नहीं चली. उनके अलावा भी टीम इंडिया की हार के कई विलेन रहे.
पंड्या एक मैच में चमके, दूसरे में फ्लॉप
हार्दिक पंड्या ने भारत को पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के पहले मैच में जीत दिलाने में अहम रोल निभाया था. उन्होंने नाबाद 33 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी लिए थे. लेकिन, सुपर-4 के मैच में वो इस प्रदर्शन को दोहराने में नाकाम रहे. वो खाता भी नहीं खोल पाए और गेंदबाजी में जमकर रन लुटाए. पंड्या ने 4 ओवर में ही 44 रन दिए और सिर्फ एक विकेट लिया.
भारतीय मिडिल ऑर्डर का फ्लॉप शो
रोहित शर्मा और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 30 गेंद में ही 54 रन जोड़े थे. लेकिन, मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने इस शुरुआत पर पानी फेर दिया. खासतौर पर पिछले मैच में तूफानी पारी खेलने वाले सूर्यकुमार यादव इस शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए. उन्होंने 13 रन बनाए. इसका भारत को खामियाजा उठाना पड़ा.
पंत का पावर नहीं दिखा
ऋषभ पंत को इस मैच में दिनेश कार्तिक पर तरजीह मिली. लेकिन, वो इस मौके का फायदा नहीं उठा पाए और बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. पंत महज 14 रन बनाकर आउट हो गए. वो जिस तरह से आउट हुए, उसे लेकर कप्तान रोहित शर्मा काफी नाराज नजर नजर आए. पंत जब ड्रेसिंग रूम में लौटे तो रोहित ने उनकी जमकर क्लास लगाई.
अर्शदीप सिंह असरदार नहीं दिखे
दुबई के जिस विकेट पर पाकिस्तानी पेसर ने अच्छी गेंदबाजी की. उस पर अर्शदीप सिंह संघर्ष करते नजर आए. वो नई गेंद से असरदार नहीं दिखे और बीच के ओवर में भी महंगे साबित हुए. उन्होंने आसिफ अली का एक कैच भी छोड़ा, जो भारत पर भारी पड़ा.
युजवेंद्र चहल भी नहीं चमके
युजवेंद्र चहल टी20 में भारत के सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं. लेकिन, पाकिस्तान के खिलाफ वो छाप नहीं छोड़ पाए. उन्होंने 4 ओवर में 43 रन दिए और एक विकेट ही ले पाए. उनकी गेंदों पर पाकिस्तान बल्लेबाजों ने 6 चौके के साथ 1 छक्का मारा. वो बीच के ओवर में ही विकेट निकालने में नाकाम रहे. इसी वजह से बाबर के जल्दी आउट होने के बाद भी भारत पाकिस्तान पर दबाव नहीं बना पाया.
भुवनेश्वर कुमार भारतीय पारी का 19वां ओवर फेंकने आए और उन्होंने इस ओवर में 2 वाइड फेंकी. इतना ही नहीं, भुवनेश्वर के इस ओवर में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने 1 छक्का और 2 चौके उड़ाए और मैच मुठ्ठी में कर लिया. आखिरी ओवर में पाकिस्तान को 6 गेंद में 7 रन की दरकार थी, जिसे आसानी से उसने हासिल कर लिया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Asia cup, Hardik Pandya, India Vs Pakistan, Rishabh Pant, Suryakumar Yadav
FIRST PUBLISHED : September 04, 2022, 23:33 IST
[ad_2]
Source link