[ad_1]
ख़बर सुनें
विस्तार
Britain PM : सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी में नेता पद की दौड़ विदेश मंत्री लिज ट्रस (47) ने जीत ली है। उन्होंने पूर्व विदेश मंत्री भारतीय मूल के ऋषि सुनक को कड़े संघर्ष में पराजित किया। अब वह प्रधानमंत्री पद संभालेंगी। उनके सामने महंगाई, औद्योगिक अशांति और देश में मंदी की आशंका से निपटने की चुनौतियां होंगी। जुलाई में देश में मुद्रास्फीति की दर 10.1 फीसदी जा पहुंची है।
लिज ट्रस की जीत की घोषणा के साथ ही सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कई स्कैंडल में फंसने के बाद जुलाई में प्रधानमंत्री पद छोड़ने की घोषणा करने वाले वर्तमान प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मंगलवार को स्कॉटलैंड जाकर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को औपचारिक रूप से अपना त्याग-पत्र सौंपेंगे। ट्रस भी उनके साथ होंगी। महारानी उन्हें सरकार बनाने के लिए शपथ दिलाएंगी। 7 सितंबर को वह हाउस ऑफ कॉमन्स में पहली बार प्रधानमंत्री के तौर पर जाएंगी।
अपने चुनाव प्रचार के दौरान लिज ट्रस ने टैक्स बढ़ोतरी वापस लेने और अन्य वसूली में तत्काल कटौती, महंगाई पर काबू पाने और पद संभालने के एक सप्ताह के भीतर ऊर्जा की बढ़ती कीमतों जैसी समस्याओं का समाधान पेश करने का वादा किया था। हालांकि कुछ अर्थशास्त्रियों का कहना है कि पहले से ही विकराल हो चुकी मुद्रास्फीति की समस्या टैक्स कटौती के बाद और गंभीर हो सकती है।
राष्ट्रपति की तरह चलाएंगी शासन
लिज ट्रस के एक करीबी सूत्र का कहना है कि उनका मंत्रिमंडल सशक्त होगा, लेकिन मंत्रियों को फैसले लेने के लिए उनकी सलाह जरूरी होगी। यानी उनका शासन करने का अंदाज राष्ट्रपति प्रणाली जैसा होगा। हालांकि उन्हें ऋषि सुनक को समर्थन देने वाले पार्टी के सांसदों का विश्वास हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत होगी। सरकारी थिंक टैंक संस्थान का कहना है कि ट्रस की कमजोरी यह है कि वह पार्टी सांसदों की पहली पसंद नहीं हैं।
[ad_2]
Source link