[ad_1]
इंडिया गेट पर नवनिर्मित सेंट्रल विस्टा के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के दौरान इंडिया गेट के चारों दिशाओं में यातायात प्रभावित रहा। इस कड़ी में पीक ऑवर में लोगों ने यातायात की समस्या का सामना किया। हालांकि, इस दौरान विभिन्न केंद्रों पर यातायात पुलिस के जवान यातायात संभालते हुए नजर आए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूट को देखते हुए शाम पांच बजे के बाद से ही रूट को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई थी। इसको देखते हुए जगह-जगह बैरिकेडिंग के साथ पुलिस तैनात रही। वहीं, सेंट्रल विस्टा के कार्यक्रम को देखते हुए शाम छह बजे से रात नौ बजे तक इंडिया गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात डायवर्ट रहा।
इन मार्गों पर प्रभावित रहा यातायात
कार्यक्रम के दौरान मध्य दिल्ली के विभिन्न मार्गों पर लोग यातायात की समस्या से जूझते रहे। इस दौरान डब्ल्यू प्वाइंट, मथुरा रोड, अशोका रोड, क्यू प्वाइंट, पृथ्वीराज रोड, अकबर रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, विंडस प्लेस गोलचक्कर, क्लेरिज होटल, मानसिंह रोड, एमएलएनपी, जनपथ, फिरोज शाह रोड, मंडी हाउस व सिकंडरा रोड पर वाहन रेंगते रहे। अशोका रोड पर एक तरफ की लेन में वाहनों की कम आवाजाही रही, जबकि बंगला साहिब से इंडिया गेट की ओर जाने वाली लेन में वाहन रेंगते रहे।
मध्य दिल्ली में सरकारी दफ्तरों में समय से निकल गए कर्मचारी
कार्यक्रम को देखते हुए मध्य दिल्ली स्थित विभिन्न सरकारी दफ्तरों में समय से ही कर्मचारी निकल गए थे। आमौतर पर शाम साढ़े पांच बजे से लेकर साढ़े छह बजे तक कर्मचारी निकलते हैं, लेकिन बृहस्पतिवार को पांच बजे तक ही सभी कर्मचारी निकल गए थे। इस वजह से मध्य दिल्ली के इलाके में भीड़भाड़ कम हो गई थी।
[ad_2]
Source link