[ad_1]
हाइलाइट्स
T20 WC के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है
मोहम्मद शमी को स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में रखा गया है
नई दिल्ली. बीसीसीआई ने एक दिन पहले ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया. एशिया कप में हिस्सा लेने वाले ज्यादातर खिलाड़ियों को इस टीम में शामिल किया गया. लेकिन, मुख्य स्क्वॉड से एक नाम गायब था. वो था तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का. ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि ऑस्ट्रेलिया की कंडीशन और शमी के अनुभव को देखते हुए सेलेक्टर्स विश्व कप के लिए उन्हें मौका देंगे. ऐसी खबरें भी आई थी कि सेलेक्टर्स ने शमी को वर्ल्ड कप के लिए तैयार रहने को भी कहा था. इसके बावजूद शमी को स्टैंडबाय खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया गया. मतलब, अगर किसी गेंदबाज को चोट लगती है तो शमी मुख्य स्क्वॉड में शामिल होंगे. आखिर क्यों शमी को नजरअंदाज किया गया.
इनसाइडस्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ स्पिन गेंदबाजी में वैराइटी चाहते थे, जो शमी के खिलाफ गया और उन्हें टी20 विश्व कप की टीम में जगह नहीं मिली. सेलेक्टर्स ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए 4 तेज गेंदबाजों को चुना है. जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल चोट के बाद वापसी कर रहे हैं. भुवनेश्वर कुमार का हालिया प्रदर्शन देखते हुए उनका नाम पहले से ही तय था जबकि अर्शदीप सिंह को डेथ ओवर में उनकी गेंदबाजी के कारण अनुभव कम होने के बावजूद मौका मिला. जरूरत पड़ने पर हार्दिक पंड्या भी तेज गेंदबाज की भूमिका निभाएंगे.
रोहित-राहुल स्पिन गेंदबाजी में विविधता चाहते थे
रोहित शर्मा और कोच द्रविड़ का ऐसा मानना था कि ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर में टी20 विश्व कप हो रहा है. यह समय वहां गर्मी पड़ती है और पिच सूखी रहने के कारण स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है. टीम स्पिन गेंदबाजी आक्रमण में विविधता चाहती थी. सेलेक्शन मीटिंग से जुड़े सूत्रों ने इनसाइडस्पोर्ट को बताया कि बैठक में शमी और आर अश्विन के नाम को लेकर रस्साकशी हुई, क्योंकि द्रविड़ और रोहित दोनों अश्विन के पक्ष में थे और टीम में उन्हें रखना चाहते थे. ऐसे में सेलेक्टर्स को भी उनकी बात माननी पड़ी. अश्विन की मौजूदगी से स्पिन गेंदबाजी आक्रमण में विविधता आएगी, साथ ही उन्हें ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर गेंदबाजी का अच्छा अनुभव है.
अश्विन के कारण शमी को नहीं मिला मौका
भारतीय टीम मैनेजमेंट का भी मानना था कि कुछ टीमों में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की भरमार है. ऐसे में शमी से ज्यादा अश्विन उनके खिलाफ असरदार साबित हो सकते हैं. हालांकि, शमी को ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में चुना गया है. हालांकि, कुछ दिग्गज इस फैसले से हैरान हैं.
भारतीय टीम अगला मुकाबला कब खेलेगी? जानें ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका सीरीज का पूरा शेड्यूल
वर्ल्ड कप मतलब तलवार की धार, अच्छा प्रदर्शन करो वरना हमेशा के लिए बाहर! 3 भारतीय भुगत रहे सजा
शमी का टी20 रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं
वैसे, शमी का टी20 इंटरनेशनल का अनुभव बहुत ज्यादा नहीं है. 32 साल के इस तेज गेंदबाज ने अब तक 17 टी20 खेले हैं और इसमें 18 विकेट हासिल किए हैं. इस फॉर्मेट में वो महंगे भी साबित हुए हैं. शमी ने औसतन हर ओवर में 9 रन से अधिक दिए हैं. शमी 2014 और 2021 का टी20 विश्व कप खेल चुके हैं. इस दौरान शमी ने 8 मैच में 8 विकेट ही हासिल किए. पिछले साल यूएई में हुए टी20 विश्व कप में वो खेले थे. लेकिन, उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था. शायद इन्हीं सब वजहों से सेलेक्टर्स उन पर दांव खेलने से हिचकिचा गए.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Mohammed Shami, Rohit sharma, T20 World Cup, T20 World Cup 2022, Team india
FIRST PUBLISHED : September 13, 2022, 12:59 IST
[ad_2]
Source link