[ad_1]
जन्मदिन की पार्टी के नाम पर हुड़दंग और हंगामे के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोग बीच सड़क पर कार, बाइक और अन्य वाहन खड़ा करके हो हल्ला करते हैं, इसके बाद भी ये लोग पुलिस की नजर में नहीं आते हैं। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ऐसे मामलों पर कार्रवाई कर खानापूरी कर देती है। ऐसा ही एक ताजा मामला इंटरनेट पर वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया है। जिसमें गाजियाबाद को दिल्ली से जोड़ने वाले एलिवेटेड रोड पर कुछ युवक बर्थडे पार्टी के दौरान हुड़दंग मचाते हुए दिख रहे हैं।
वीडियो में बीच रोड पर कुछ युवक जन्मदिन पार्टी के दौरान शोर-शराबा और आतिशबाजी चलाते हुए नजर आ रहे हैं। 33 सेकंड के इस वीडियो में युवक हाथ में आतिशबाजी के लिए पेटी लेकर प्रदूषण फैला रहे हैं।
वहीं पास में ही बीच सड़क पर कार खड़ी कर रखी है और आपस में युवक गाली-गलौज भी करते सुने जा सकते हैं।
केक काटने के बाद एक दूसरे पर उसे फेंक रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस सब के बीच वहां से कुछ वाहन भी गुजरते हुए नजर आ रहे हैं।
वायरल हो रहा वीडियो साहिबाबाद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। सीओ साहिबाबाद स्वतंत्र कुमार का कहना है कि वायरल वीडियो कई दिन पुराना लग रहा है। इसकी जांच करा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
[ad_2]
Source link