[ad_1]
आने वाले शुक्रवार के दिन देश के सिनेमाघरों में साल का सबसे बड़ा मेला लगने जा रहा है। तमाम सिनेमाघरों ने इस दिन के लिए अपनी एडवांस बुकिंग खोल दी है और इस एडवांस बुकिंग के पहले ही दिन लोगों में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा’ के थ्रीडी संस्करण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस दिन सारे सिनेमाघर सिर्फ 75 रुपये में फिल्में दिखाने का एलान पहले ही कर चुके हैं और इसी दिन दिग्गज निर्देशक जेम्स कैमरून की फिल्म ‘अवतार’ के भी फिर से रिलीज होने को लेकर फिल्म दर्शकों की इस दिन को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। इस दिन रिलीज होने वाली दोनों नई हिंदी फिल्मों ‘चुप’ और ‘धोखा’ की एडवांस बुकिंग अभी उतनी उत्साहित नहीं रही है।
75 रुपये की टिकट का होगा फायदा
फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा’ की वजह से ही देश की मल्टीप्लेक्स असोसिएशन ने राष्ट्रीय सिनेमा दिवस 17 सितंबर की बजाय 23 सितंबर को मनाने का फैसला किया था। माना जा रहा था कि फिल्म की रिलीज का दूसरा शुक्रवार होने के चलते 17 सितंबर को अगर सिनेमाघरों की टिकटें 75 रुपये की हुईं तो इसका सीधे फिल्म के आंकड़ों पर असर पड़ेगा। अब इस शुक्रवार को फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा’ का तीसरा हफ्ता शुरू हो रहा होगा, ऐसे में फिल्म की टिकटों की दरें कम होने से फिल्म को देखने वालों का हुजूम उमड़ेगा और इससे फिल्म की इस दिन की कमाई और इसके बाद आने वाले दोनों दिनों यानी शनिवार और रविवार को भी बेहतर हो सकेगी।
शुक्रवार के लिए बिके दो करोड़ के टिकट
मंगलवार देर रात तक की जानकारी के मुताबिक इस सप्ताह की शुरुआत में महज सवा करोड़ और एक करोड़ 10 लाख की एडवांस बुकिंग करने वाली फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा’ की शुक्रवार की एडवांस बुकिंग अभी से करीब एक करोड़ 95 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है। इसमें भी सबसे ज्यादा बुकिंग फिल्म के थ्रीडी संस्करण की हो रही है। राष्ट्रीय सिनेमा दिवस का फायदा फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा’ को तेलुगू और तमिल में भी मिलता नजर आ रहा है।
अब तक कमाए 225 करोड़ रुपये
रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार तक फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा’ का कलेक्शन 224.10 करोड़ रुपये हो चुका है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म की मंगलवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कमाई करीब सवा चार करोड़ रुपये के आसपास रही है। फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा’ की निर्माता कंपनियों स्टार स्टूडियोज और धर्मा प्रोडक्शंस की तैयारी इस फिल्म को कम से कम चार हफ्ते तक सिनेमाघरों में बनाए रखने की है और इन चार हफ्तों में फिल्म का घरेलू कलेक्शन कम से कम 275 करोड़ से तक ले जाने की कोशिशें फिल्म से जुड़े सारे लोग लगाए हुए हैं।
‘चुप’ और ‘धोखा’ को फायदा नहीं
राष्ट्रीय सिनेमा दिवस यानी 23 सितंबर के ही दिन हिंदी में दो फिल्में और रिलीज हो रही हैं। आर माधवन, खुशाली कुमार, अपारशक्ति खुराना और दर्शन कुमार स्टारर फिल्म ‘धोखा’ की रिलीज से पहले वाली स्पेशल स्क्रीनिंग मुंबई में शुरू हो चुकी हैं। सनी देओल, दुलकर सलमान और पूजा भट्ट स्टारर फिल्म ‘चुप’ की एक खास स्क्रीनिंग भी बुधवार की शाम मुंबई में हो रही है जिसमें इस फिल्म के सितारे और फिल्म समीक्षक एक साथ ये फिल्म देखेंगे। दोनों फिल्मों की एडवांस बुकिंग के जो आंकड़े अब तक सामने आए हैं, वे बहुत उत्साहजनक नहीं हैं।
[ad_2]
Source link