[ad_1]
पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी आतंकी भारत में आरएसएस और हिंदू नेताओं की हत्या की साजिश रच रहे हैं। खुफिया एजेंसियां और पुलिस इनके नापाक इरादों में नजर रखे हुए हैं। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआई समर्थित खालिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा का बड़ा प्लान फेल किया है। रिंदा ने भारत में अपने करीबी व पंजाब के ए-कैटेगरी गैंगस्टर को आरएसएस व हिंदू नेताओं की हत्या का टास्क दिया था। पुलिस ने इस साजिश को नाकाम करते हुए रिंदा के करीबी गैंगस्टर को बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव बरन, सरहिंद रोड, अनाज मंडी, पटियाला, पंजाब निवासी कवर रणदीप सिंह उर्फ एसके खरौद के रूप में हुई है। सेल ने इसके पास से चीनी पिस्टल समेत पांच आधुनिक पिस्टल, कारतूस व कई मोबाइल व सिमकार्ड बरामद किए हैं। स्पेशल सेल के विशेष आयुक्त एसजीएस धालीवाल ने बताया कि पिछले कुछ समय से देखा गया था कि आतंकियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए भारत में मौजूद गैंगस्टरों से गठजोड़ किया है।
इसी क्रिमिनल-टेरर नेक्सस के लिए पुलिस उपायुक्त मनीषी चंद्रा व अन्यों की टीम ने जांच शुरू की। छानबीन के दौरान टीम को पता चला कि उत्तर-भारतीय राज्यों के अलावा नेक्सस दिल्ली-एनसीआर में भी तेजी से पैर पसार रहा है। इसी कड़ी में 29 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़-बड्डी कोर्ट परिसर में फायरिंग हुई थी।
बदमाशों ने बंबीहा ग्रुप के शार्प शूटर सन्नी को छुड़ाने के लिए हमला किया था। मामले में पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसी कड़ी की जांच करते हुए पुलिस को पता चला कि वारदात में खालिस्तानी आतंकी रिंदा के करीबी एसके खरौद भी शामिल है। हमले में गिरफ्तार गगनदीप उर्फ राहुल पंडित उर्फ गोग्गी ने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए। उसने ही एसके खरौद के नाम का खुलासा किया।
सेल की टीम ने खरौद की जानकारी जुटाना शुरू की। टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पता चला कि एसके खरौद गांव खाई खेड़ा, बरेली, यूपी में मौजूद है। पुलिस ने बरेली में छापेमारी कर 12 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पिस्टल, कारतूस व अन्य सामान बरामद हुआ।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी लगातार रिंदा के संपर्क में था। रिंदा ने उसे कौम के लिए काम करने के आदेश दिया था। इसी कड़ी में वह हिंदू नेताओं की हत्या करने वाला था। स्पेशल सेल के अधिकारियों ने बताया कि एसके खरौद के खिलाफ पंजाब के अलावा दूसरे राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट समेत दूसरी धाराओं में कुल आठ मामले दर्ज हैं।
[ad_2]
Source link