[ad_1]

सांकेतिक तस्वीर।
– फोटो : Social Media
ख़बर सुनें
विस्तार
गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को एक गाय से टकरा गई। हादसे की वजह से ट्रेन का अगला हिस्सा मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना गुजरात के आणंद स्टेशन के पास हुई। सभी यात्री सुरक्षित हैं। इससे पहले सेमी-हाई स्पीड ट्रेन ने एक दिन पहले चार भैंसों को टक्कर मार दी थी। इसके आगे उसके एक हिस्से को बदलना पड़ा था।
रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक, ताजा घटना में ट्रेन को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। ट्रेन का अगला हिस्सा मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। शुक्रवार की घटना दोपहर तीन बजकर 48 मिनट पर हुई। उस वक्त ट्रेन मुंबई से 432 किलोमीटर दूर आणंद में थी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है।
इससे पहले देश की तीसरी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस भैंसों के झुंड से टकरा गई थी। इससे ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे अब ठीक कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया है कि इस मामले में भैंसों के अज्ञात मालिकों के खिलाफ आरपीएफ ने मुकदमा दर्ज किया है। उन पर अनाधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पर प्रवेश और रेलवे प्रॉपर्टी के दुरुपयोग संबंधी धाराएं लगाई गई हैं।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने गुरुवार को बताया था कि सुबह करीब 11.15 बजे वटवा स्टेशन से मणिनगर जाते वक्त वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हादसे का शिकार हुई थी। दोनों स्टेशनों के बीच भैंसों के झुंड के रेलवे लाइन पर आने से यह हादसा हुआ था। हालांकि, इस दुर्घटना में यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ था।
इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि पटरियों पर मवेशियों के साथ टकराव अपरिहार्य है। सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन को डिजाइन करते समय इसे ध्यान में रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 सितंबर को इस रूट पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
उन्होंने कहा कि ट्रेन को इस तरह से डिजाइन किया गया है और यह इतनी मजबूत है कि अगर कोई दुर्घटना होती है, तो ट्रेन को कुछ नहीं होगा। सामने की तरफ का हिस्सा पूरी तरह से बदला जा सकता है। घटना के बाद जैसे ही ट्रेन मुंबई पहुंची इसे पूरी तरह से साफ कर दिया गया और क्षतिग्रस्त हिस्सा बदल दिया गया। मंत्री वल्लभ विद्यानगर में एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों के साथ बातचीत कर रहे थे।
[ad_2]
Source link