[ad_1]
सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वॉर्मअप मैच में 6 रनों से मिली रोमांचक जीत से टीम इंडिया का न सिर्फ मनोबल बढ़ेगा, बल्कि विश्वकप की दिग्गज टीमों को टीम इंडिया ने आगाह कर दिया है कि उन्हें हल्के में लेने की ग़लतफ़मी न पालें. इस मुकाबले में मेजबान भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. लंबे समय के बाद टीम में वापसी करने वाले शमी के आखिरी ओवर में भारत को कुल 4 विकेट मिले, जिसमें मोहम्मद शमी ने तीन विकेट चटकाए.
इस वॉर्मअप मैच में भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 186 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज़ केएल राहुल और रोहित शर्मा ने पावरप्ले में भारत को ज़ोरदार शुरुआत देते हुए 6 ओवरों में 70 रन जोड़े. केएल राहुल ने मात्र 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 57 रनों की शानदार पारी खेली. रोहित शर्मा 15 रन बनाकर आउट हुए. सूर्यकुमार यादव ने भी 32 गेंदों में अर्धशतकीय पारी खेली.
ऑस्ट्रेलिया के लिए केन रिचर्डसन चार विकेट लेकर सबसे कामयाब गेंदबाज़ रहे. जीत के लिए मिले 187 रनों के लक्ष्य जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 180 रन बनाकर आउट हो गई. एरोन फिंच ने 79 रनों की शानदार अर्धशतकीय कप्तानी पारी खेली. मिचेल मार्श ने 35 रन बनाए. ग्लेन मैक्सवेल 23 रन बनाकर आउट हुए.
ऑस्ट्रेलिया में रविवार से शुरू हुए टी20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले ही मैच में एक चौंकाने वाला परिणाम सामने आया. क्वालीफायर राउंड के पहले ही मैच में नामीबिया जैसी एसोसिएट टीम ने हाल ही में 2022 का एशिया कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम को 55 रनों से परास्त कर एक बड़ा उलटफेर किया. श्रीलंका ने टॉस जीतकर नामीबिया को पहले बल्लेबाज़ी करने के लिए आमंत्रित किया. नामीबिया 35 रन पर अपने तीन विकेट गंवाने के बाद भी 163 रनों का एक चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में कामयाब रही.
जेन फ्राइलिंक ने 44 रनों की शानदार पारी खेली. जे स्मिट ने 31 रनों का योगदान दिया. श्रीलंका की ओर से मधुसन ने 2 विकेट लिए. जीत के लिए मिले 164 रनों के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने मात्र 21 रनों पर अपने तीन विकेट खो दिए. इन शुरुआती झटकों से श्रीलंकाई टीम अंत तक उबर सकी और उसकी पूरी टीम मात्र 108 रनों पर ही सिमट गई. श्रीलंका की ओर से कप्तान दसुन सनाका ने सबसे अधिक 29 रन बनाए. नामीबिया की ओर से डेविड वीज, बरनार्ड, बेन और जेन ने 2-2 विकेट लिए.
रविवार को ही खेले गए दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड्स ने यूएई पर रोमांचक जीत हासिल की. इस मैच में एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना. नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए क्वालिफाइंग मैच के दौरान यूएई टीम के ऑलराउंडर अयान अफजल खान टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं. इसके पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर टी20 विश्व कप में खेलने वाले इतिहास में सबसे कम उम्र के क्रिकेटर थे. मोहम्मद आमिर ने 2009 में 17 साल की उम्र में सबसे कम उम्र के टी20 विश्व कप खिलाड़ी का रिकॉर्ड बनाया था. 16 वर्षीय प्रतिभाशाली ऑलराउंडर अयान खान मोहम्मद आमिर के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल रहे हैं.
टी20 वर्ल्ड कप के क्वालिफाइंग राउंड के बाद ग्रुप ए और ग्रुप बी से शीर्ष दो-दो टीमें ही अगले राउंड यानि सुपर 12 के लिए क्वालीफाई करेगी. सुपर 12 के मुकाबले 22 अक्टूबर से शुरू होंगे, जबकि भारत अपना पहला मैच 23 अक्टूबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से खेलेगा.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए सातवीं बार एशिया कप के खिताब पर कब्जा कर लिया है. रेणुका सिंह, राजेश्वरी गायकवाड़ और स्नेहा राणा की घातक गेंदबाज़ी की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. सिलहट में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय गेंदबाज़ों की सटीक व घातक गेंदबाज़ी के सामने श्रीलंका की टीम पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर सिर्फ 65 रन ही बना सकी.
भारत की ओर से रेणुका सिंह ने शानदार गेंदबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 5 रन देकर सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए. राजेश्वरी गायकवाड़ और स्नेहा राणा ने 2-2 विकेट लिए. स्मृति मंधाना के मात्र 25 गेंदों पर 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से खेली गई 51 रनों की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी के चलते भारत ने जीत के लिए मिले 66 रनों का लक्ष्य दो विकेट खोकर आसानी से प्राप्त कर लिया.
और अब कुछ संक्षिप्त खेल समाचार…..
फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप के तहत ग्रुप ए के एकतरफा मुकाबले में मंगलवार को अमेरिका ने भारत को 8-0 करारी शिकस्त दी. भारत का ये पहला मैच था. पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने रविवार को प्रीमियर लीग में मैनचेस्टर यूनाइटेड को एवर्टन में 2-1 से जीत दिलाने के लिए ज़बर्दस्त खेल का प्रदर्शन किया. इस मुकाबले के दौरान उन्होंने एक उपलब्धि भी अपने नाम कर ली. वे अपने करियर में क्लब स्तर पर 700 गोल करने वाले इकलौते खिलाड़ी बन गए. वे दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ये कारनामा किया है.
और अंत में, योपिया के चाला रेगासा और कीनिया की इरिन चेप्टाई ने रविवार को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में पुरुष और महिला वर्ग की दौड़ जीतने में सफलता हासिल की. रेगासा ने पुरुष वर्ग में एक घंटे 30 सेकंड के समय लेकर दौड़ जीती, जबकि चेप्टाई ने 1:06:42 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ महिलाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया. न्यूज़ 18 हिन्दी पॉडकास्ट के साप्ताहिक स्पेशल स्पोर्ट्स बुलेटिन में आज इतना ही. ताजतरीन खेल खबरों के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. तब के लिए नवीन श्रीवास्तव को इजाज़त दीजिए. नमस्कार.
[ad_2]
Source link