[ad_1]
विराट कोहली टीम इंडिया की जीत के हीरो रहे। उन्होंने 53 गेंदों में छह चौके और चार छक्के की मदद से 82 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 154.72 का रहा। इस पारी के लिए कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कोहली का पारी ने करोड़ों भारतीय फैन्स के चेहरे पर खुशी ला दी। उन्होंने फैन्स को दिवाली का तोहफा दिया।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में ऐसी मैच जिताऊ पारी खेली हो। पिछले 10 वर्षों से वह ऐसा करते आ रहे हैं और पिछले साल के टी20 वर्ल्ड कप को छोड़ दिया जाए तो हर बार टीम इंडिया ने जीत हासिल की है। टी20 वर्ल्ड कप में जब भी पाकिस्तान की टीम उतरती है तो उन्हें सबसे ज्यादा डर कोहली का ही रहता है। कोहली का बल्ला कुछ समय पहले तक शांत था, लेकिन अब जब वह फॉर्म में लौटे हैं तो उनकी चेज मास्टर वाली खूबी भी वापस आ गई है।
कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में पांच पारियों में चार अर्धशतक जड़े हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ पांच पारियों में 308 रन बनाए हैं, जिसमें से चार बार वह नाबाद रहे हैं। 82* रन की पारी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी है। इससे पहले नाबाद 78 रन उनका बेस्ट था। कोहली ने रविवार को टीम इंडिया बेहद मुश्किल परिस्थिति से निकाला। एक वक्त भारत ने 31 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद कोहली ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी निभाई। यह पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। हार्दिक ने भी 37 गेंदों में 40 रन की पारी खेली। आखिरी ओवर में भारत को 16 रन की जरूरत थी, जो कोहली और अश्विन के रहते टीम ने आखिरी गेंद तक बना लिए। इस मैच में केएल राहुल (4), रोहित शर्मा (4), सूर्यकुमार यादव (15) और अक्षर पटेल फेल रहे।
कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में सबसे पहला मैच 2012 में कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला था। उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.4 ओवर में 128 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 17 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। गौतम गंभीर खाता खोले बिना आउट हुए थे। वहीं, वीरेंद्र सहवाग 29 रन बनाक चलते बने थे। इसके बाद विराट कोहली ने जिम्मेदारी संभाली एक छोर से रन बनाते रहे। उन्होंने 61 गेंदों में 78 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। इसके अलावा युवराज सिंह 16 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे।
[ad_2]
Source link