[ad_1]
हाइलाइट्स
टी20 वर्ल्ड कप: भारत और नीदरलैंड्स की 27 अक्टूबर को टक्कर
टी20 में पहली बार भारत और नीदरलैंड्स होंगे आमने-सामने
रोहित शर्मा और केएल राहुल अपनी फॉर्म हासिल करना चाहेंगे
IND vs NED T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत का आगाज शानदार रहा. टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4 विकेट से शिकस्त दी. अब 27 अक्टूबर को दूसरे मुकाबले में भारत की टक्कर नीदरलैंड्स से होगी. यह मुकाबला सिडनी में खेला जाएगा. भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी गेंद पर मिली जीत की खुमारी को भूलकर पूरे होश और जोश के साथ इस मुकाबले में उतरना चाहेगी. हालांकि, मैच से पहले जरूर टीम इंडिया के सामने खेल से इतर दूसरी चुनौतियां जरूर रहीं. मसलन, खाने का सही इंतजाम न होना और ट्रेनिंग फैसिलिटी की होटल से लंबी दूरी. इसी वजह से भारत ने मैच से पहले अभ्यास भी नहीं किया. इसका इस मुकाबले पर कोई असर पड़ेगा, ऐसा लगता तो नहीं.
पाकिस्तान के खिलाफ भारत के पिछले मुकाबले में सबसे बड़ी बात यह थी विराट कोहली ने फिर से दिखा दिया कि उनमें अभी भी रनों की भूख और बेहर प्रदर्शन करने की आग है. इस मैच में भारतीय टीम के लिए दो और बातें अच्छी हुईं. एक नई गेंद से अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन और दूसरा हार्दिक पंड्या का गेंद और बल्ले से धमाल. हालांकि, ऐसा नहीं है कि टीम इंडिया के लिए पहले मैच में सब अच्छा ही हुआ. रोहित शर्मा और केएल राहुल की सलामी जोड़ी पाकिस्तान के खिलाफ फ्लॉप रही. दोनों के बल्ले से 4-4 रन निकले. उससे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि दोनों शॉट खेलने को लेकर संशय में नजर आ रहे थे. दोनों की बल्लेबाजों के पैर नहीं चल रहे थे और दबाव साफ नजर आ रहा था. ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में यह दोनों बल्लेबाज अपनी लय हासिल करने की कोशिश करेंगे.
नीदरलैंड्स की टीम भारत को चौंका सकती है
ग्रुप-ए से क्वालिफाई करने वाली नीदरलैंड्स सुपर-12 राउंड में बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला मैच हार गई थी. उसके तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए थे. बांग्लादेश के मुकाबले भारतीय टीम मजबूत है और उसके गेंदबाज भी ज्यादा असरदार हैं. हालांकि, टीम इंडिया को यह भी याद रखना होगा कि नीदरलैंड्स की टीम उसे परेशान कर सकती है. इसका सबूत है 2011 के वनडे विश्व कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ दिल्ली में हुआ मुकाबला. इस मैच में 190 रन का पीछा करते हुए भारत ने 99 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे. विराट कोहली भी 12 रन बनाकर आउट हो गए थे. वो तो युवराज सिंह (51*) और महेंद्र सिंह धोनी की जोड़ी जम गई और उसने भारत को 5 विकेट से जीत दिला दी. वर्ना उस दिन वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा उलटफेर हो सकता था.
नीदरलैंड्स की गेंदबाजी अच्छी
नीदरलैंड्स की टीम क्वालिफाइंग राउंड में यूएई और नामीबिया को हराकर सुपर-12 राउंड में पहुंची है. उसके पास अच्छे तेज गेंदबाज है. इसका सबूत है इस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट. इसमें नीदरलैंड्स के बास डि लीड पहले नंबर पर हैं. उन्होंने 4 मैच में कुल 9 विकेट लिए हैं. वो हर 8वीं गेंद पर शिकार कर रहे हैं. वहीं, पॉल मिकेरन भी ऐसे गेंदबाज हैं, जो अपनी रफ्तार से चौंका सकते हैं. उसके पास मैक्सवेल पैट्रिक और भारतीय मूल के विक्रमजीत सिंह जैसे बल्लेबाज भी हैं. जो टी20 फॉर्मेट के लिहाज से खतरनाक साबित हो सकते हैं. भारतीय टीम को इस बात का अंदाजा है.
T-20 WC 2022: होटल से 42 किमी दूर मिला ग्राउंड, रोहित एंड कंपनी ने प्रैक्टिस से किया इनकार
क्या भारत करेगा प्लेइंग-XI में बदलाव?
नीदरलैंड्स के खिलाफ टीम इंडिया कोई प्रयोग करेगी या उसी प्लेइंग-XI के साथ उतरेगी. यह भी एक सवाल है. आमतौर पर विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ कोई टीम छेड़छाड़ नहीं करती है. लेकिन, रोहित शर्मा पहले भी कह चुके हैं कि भारतीय टीम इस विश्व कप में हर मैच में अलग प्लेइंग-XI के साथ उतर सकती है. ऐसे में इस मैच में बदलाव की गुंजाइश है. अगर ऐसा होता है तो किन खिलाड़ियों को बाहर किया जा सकता है, यह देखना होगा. पाकिस्तान के खिलाफ अक्षर पटेल का प्रदर्शन अच्छा नहीं था. वो गेंदबाजी में महंगे साबित हुए थे. उन्हें बल्लेबाजी में ऊपर भेजा गया. लेकिन, वो इस भूमिका में खरे नहीं उतरे.
ऐसे में भारतीय टीम ऋषभ पंत को मौका देने पर विचार कर सकती है. तब दिनेश कार्तिक या उनमें से किसी एक को बतौर बल्लेबाज ही टीम में जगह मिलेगी. इसके अलावा, हार्दिक पंड्या को भी आराम दिया जा सकता है.
T20 WC 2022: नीदरलैंड के खिलाफ भारतीय प्लेइंग इलेवन में होगा बदलाव! बॉलिंग कोच ने दिया लेटेस्ट अपडेट
भारत बड़े अंतर से जीत दर्ज करना चाहेगा
भारत इस मैच को बड़े अंतर से जीतकर ग्रुप-2 में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा. इस मैच को जीतने के बाद भारतीय टीम अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच जाएगी. अभी बांग्लादेश की टीम शीर्ष पर है. उसके और भारत के बराबर 2 अंक हैं. लेकिन, बांग्लादेश का रनरेट (+0.450) भारत (0.050) से बेहतर है. ऐसे में भारतीय टीम की नजर सिर्फ जीत पर ही नहीं, बल्कि अपने नेट रन रेट को बेहतर करने पर भी होगी.
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, दीपक हुडा, आर अश्विन, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह.
नीदरलैंड्स: स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), मैक्स ओ’ दोउद, विक्रमजीत सिंह, बास डि लीड, टॉम कूपर, कॉलिन एकरमैन, टिम प्रिंगल, लोगन वान बीक, टिम गुग्टेन, फ्रेड क्लासेन, पॉल वैन मिकेरन, शारिज अहमद, वान डर मर्व, ब्रैंडन ग्लोवर, स्टीफ मायबर्ग.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: KL Rahul, Netherlands, Rohit sharma, T20 World Cup, T20 World Cup 2022, Team india
FIRST PUBLISHED : October 26, 2022, 13:27 IST
[ad_2]
Source link