[ad_1]
हाइलाइट्स
भारत ने रोमांचक मुकाबले में डकवर्थ लुईस प्रणाली से बांग्लादेश को हराया
टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल की दहलीज पर पहुंची टीम इंडिया
एडिलेड. भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 मैच में बुधवार को बांग्लादेश को रोमांचक मुकाबले में डकवर्थ लुईस सिस्टम से पांच रन से हरा दिया. फॉर्म में लौटे केएल राहुल के सटीक थ्रो, विराट कोहली के नाबाद 66 रन और बारिश से पिच से गेंदबाजों को मिली मदद की बदौलत भारत ने यह मुकाबला जीत लिया. इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल की दहलीज पर कदम रख दिए हैं. सांस रोक देने वाले इस मुकाबले में दर्शकों को बांग्लादेश की पारी के दौरान तीन बार ‘बारिश’ देखने को मिली.
भारत की ओर से विराट कोहली और केएल राहुल ने शानदार अर्धशतक लगाए. कोहली एक बार फिर से संकटमोचक बने. उन्होंने 44 गेंदों में 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से शानदार 66 रन बनाए. उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया. भारत की पिछले चार मुकाबलों में यह तीसरी जीत है. भारत अपने ग्रुप में 6 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है. सांस रोक देने वाले इस मुकाबले में दर्शकों को बांग्लादेश की पारी के दौरान तीन बार ‘बारिश’ देखने को मिली. जी हां! मैच का रोमांच अंतिम गेंद तक चला लेकिन ‘बारिश’ तीन बार हुई. दरअसल, भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 184 रन बनाए. जवाब में बांग्लादेश की ओर से लिटन दास ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके भारतीय खेमे में खलबली मचा दी. लिटन दास की आतिशी पारी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महज 21 गेंदों में 50 रन ठोंके. भुवी और अर्शदीप की जमकर खबर ली. दास की ओर से रनों की ‘बारिश’ जारी ही थी कि सात ओवर में आसमानी बारिश ने खलल डाल दिया. उस समय बांग्लादेश का स्कोर बिना विकेट खोए 66 रन था. लिटन दास 26 गेंद में 59 जबकि नजमुल हुसैन शंटो सात रन बनाकर नाबाद थे.
बारिश के चलते पूरे 38 मिनट तक खेल बंद रहा. इस दौरान डकवर्थ लुईस सिस्टम के अनुसार एक आंकड़ा जारी हुआ, उसके मुताबिक बांग्लादेश, भारत से 17 रन आगे था. भारतीय खेमे में चिंता साफ नजर आई. भारतीय प्रशंसक मायूस हो गए. मायूस होना लाजिमी भी था क्योंकि भारत मैच में पिछड़ रहा था. आधा घंटे बाद जब मैच फिर से शुरू हुआ तो बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रन का बनाने का संशोधित लक्ष्य दिया गया. मैच बहाल हुआ तो पासा ही पलट गया. भारतीय टीम प्रबंधन ने भी रणनीति बदली और शॉर्ट पिच गेंदबाजी पर जोर दिया.
केएल राहुल का सटीक थ्रो बना मैच का टर्निंग पॉइंट
भारतीय टीम की ओर से आठवां ओवर लेकर अश्विन आए. ओवर की दूसरी ही गेंद पर राहुल के डीप मिडविकेट से सटीक थ्रो की बदौलत लिटन दास रन आउट हो गए. यही पल मैच का निर्णायक मोड़ भी साबित हुआ. फिर दसवें ओवर की पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने नजमुल हुसैन शंटो (25 गेंद में 21 रन) को लांगआन पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट करवा दिया. दो लगातार विकट मिलने से भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ गया और बांग्लादेश की टीम में खलबली मच गई.
कप्तान शाकिब अल हसन मोर्चा संभालने आए. उन्होंने अश्विन के गेंदों पर दो चौके लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की लेकिन 12वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने दोहरे झटके देकर बांग्लादेश की वापसी की राह में कांटे बिछा दिए. अर्शदीप ने पहली गेंद पर अफीफ हुसैन को पवेलियन भेजा. पांचवीं गेंद पर शाकिब को डीप मिडविकेट पर दीपक हुड्डा के हाथों लपकवाकर बांग्लादेश की कमर तोड़ दी. फिर तो बांग्लादेश के बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. एक तरह से विकटों की बारिश शुरू हो गई और दर्शकों को एक बार फिर से मैदान पर ‘बारिश’ का अहसास हुआ.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: India vs Bangladesh, Shakib Al Hasan, T20 World Cup 2022, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : November 02, 2022, 19:48 IST
[ad_2]
Source link