[ad_1]
हाइलाइट्स
टी20 वर्ल्ड कप: भारत और इंग्लैंड के बीच 10 नवंबर को सेमीफाइनल
भुवनेश्वर कुमार के सामने जोस बटलर का बल्ला रहता है खामोश
विराट कोहली स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ संभलकर कर रहे बल्लेबाजी
नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच एक दिन बाद यानी 10 नवंबर को टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीते साल मार्च से अब तक 8 खेले गए हैं और इसमें भारत का ही पलड़ा भारी रहा है. लेकिन, टी20 विश्व कप में दोनों टीमों की टक्कर 10 साल बाद होगी. पिछली बार 2012 के टी20 विश्व कप में दोनों टीमें आमने-सामने हुईं थीं. तब भारत ने इंग्लैंड को हराया था. इसके बाद अब एडिलेड में दोनों टीमें जोर-आजमाइश करती नजर आएंगी. भारत जहां अपने ग्रुप में टॉप पर रहने के साथ सेमीफाइनल में पहुंचा है. वहीं, इंग्लैंड दूसरे स्थान पर रहा था.
इस मुकाबले में दोनों टीमों की टक्कर तो होगी ही. साथ ही, कुछ खिलाड़ियों के बीच ही दिलचस्प जंग की उम्मीद है. आइए जानते हैं वो कौन से खिलाड़ी हैं, जिनके बीच जोर आजमाइश हो सकती है. इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर का बल्ला टी20 वर्ल्ड कप में अब तक खामोश ही रहा है. एक पारी को छोड़ दें तो वो टॉप ऑर्डर में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं. ऐसे में जब वो भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में उतरेंगे तो एक भारतीय गेंदबाज उनकी परीक्षा ले सकता है. उसका नाम है, भुवनेश्वर कुमार. नई गेंद से भुवनेश्वर ने इस टी20 विश्व कप में कमाल की गेंदबाजी की है और बटलर के खिलाफ तो उनका रिकॉर्ड और शानदार है. भुवनेश्वर ने टी20 में बटलर को किसी भी गेंदबाज की तुलना सबसे अधिक बार आउट किया है.
भुवनेश्वर के सामने बटलर का बल्ला हो जाता है खामोश
भुवनेश्वर के खिलाफ बटलर का बल्ला बहुत ज्यादा नहीं चलता है. इंग्लिश कप्तान ने भुवनेश्वर के खिलाफ टी20 में 32 गेंद खेलकर 30 रन रन ही बनाए हैं और 5 बार भुवनेश्वर का शिकार हुए हैं और हर बार भुवनेश्वर ने पहले 3 ओवर में ही बटलर को आउट कर दिया है और ज्यादातर बार स्विंग होती गेंद पर इंग्लिश कप्तान का विकेट हासिल किया है. बटलर इस टूर्नामेंट में पावरप्ले में संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं. पहले तीन ओवर में उनका स्ट्राइक रेट 93 का है जबकि ओवरऑल पावरप्ले में वो 108 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं, जो उनके रुतबे के मुताबिक नहीं है. भारत के खिलाफ भी वो पावरप्ले में इसी तरह बल्लेबाजी कर सकते हैं.
हेल्स-बटलर की सलामी जोड़ी से इंग्लैंड को उम्मीद
इंग्लैंड के लिए अच्छी बात यह है कि पिछले दो मुकाबलों में जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की सलामी जोड़ी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई है. श्रीलंका के खिलाफ हेल्स-बटलर ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े थे जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ इस जोड़ी के बीच पहले विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी हुई थी. ऐसे में भारत के खिलाफ ओपनिंग जोड़ी में बदलाव की गुंजाइश नहीं है. लेकिन, मामूली बदलाव जरूर हो सकता है. वो यह कि इंग्लैंड का टीम मैनेजमेंट भुवनेश्वर कुमार के सामने बटलर को फौरन लाने से बच सकता है.
हेल्स की टीम में वापसी के बाद से ही बटलर ने पिछली 7 पारियों में स्ट्राइक ली है. यानी पहली गेंद उन्होंने खेली है. लेकिन, भारत के खिलाफ वो इस भूमिका को निभाने से बच सकते हैं. ताकि उन्हें भुवनेश्वर कुमार की गेंदों का कम से कम सामना करना पड़े.
वुड करेंगे सूर्यकुमार पर रफ्तार से वार
टी20 वर्ल्ड कप में अगर किसी एक बल्लेबाज को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है तो वो सूर्यकुमार यादव हैं. वो शानदार फॉर्म में हैं. भारत के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले इंग्लैंड का टीम मैनेजमेंट भी यही सोच रहा होगा कि सूर्यकुमार को कैसे खामोश रखा जाएगा? सूर्यकुमार इस टूर्नामेंट में पहली ही गेंद से विपक्षी गेंदबाजों पर टूट पड़ रहे हैं. इसका सबूत है, पहली 10 गेंद पर उनका 174 का स्ट्राइक रेट. ऐसे में इंग्लैंड सूर्यकुमार को जल्दी आउट करने की हर मुमकिन कोशिश करेगा.
सूर्यकुमार ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल मार्च में अपना टी20 डेब्यू किया था. वो इंग्लैंड के कई गेंदबाजों के खिलाफ आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी कर चुके हैं. लेकिन, दो ऐसे गेंदबाज हैं, जिसका इस्तेमाल इंग्लैंड सूर्यकुमार को रोकने के लिए कर सकता है. इसमें एक सैम करेन हैं, जो टी20 में 8 गेंद में सूर्या को 2 बार आउट कर चुके हैं और दोनों ही मौकों पर सूर्यकुमार स्लोअर गेंद का शिकार बने हैं. ऐसे में करेन इस बार भी उनके खिलाफ इस हथियार का इस्तेमाल कर सकते हैं.
PAK vs NZ: पाकिस्तान और न्यूजीलैंड मैच में टॉस अहम, 6 मैच में 5 बार बन चुके हैं 150+ रन
दूसरे गेंदबाज मार्क वुड हो सकते हैं. टी20 में जिनती 7 गेंद पर सूर्यकुमार महज 6 रन ही बना पाए हैं. सूर्यकुमार पेस के खिलाफ अब तक असरदार साबित हुए हैं. हालांकि, एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के बाकी पिचों जैसा अतिरिक्त उछाल नहीं है. सूर्यकुमार वुड के खिलाफ ज्यादा नहीं खेले हैं. वुड के पास अतिरिक्त रफ्तार है. ऐसे में वो सूर्यकुमार को शॉर्ट गेंद से चौंका सकते हैं.
कोहली का दूसरा घर है एडिलेड
विराट कोहली का एडिलेड में रिकॉर्ड धमाकेदार है. वो इस मैदान पर तीनों फॉर्मेट की 14 पारियों में 5 शतक और 3 अर्धशतक लगा चुके हैं. यह भारत से बाहर कोहली का पसंदीदा मैदान है. इस टी20 विश्व कप में भी एडिलेड में बांग्लादेश के खिलाफ कोहली अर्धशतक जड़ चुके हैं. ऐसे में कोहली को रोकने के लिए आदिल रशीद इंग्लैंड का ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं. कोहली इस टी20 विश्व कप में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ एहतियात बरत रहे हैं. तेज गेंदबाजों के खिलाफ जहां उनका स्ट्राइक रेट 151 का है, तो वहीं, स्पिनर के खिलाफ कोहली ने इस टूर्नामेंट में 113 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. रशीद पहले भी कोहली को परेशान कर चुके हैं. टी20 में रशीद की 59 गेंद में पर विराट ने 63 रन बनाए हैं जबकि इस लेग स्पिनर ने पूर्व भारतीय कप्तान को 2 बार आउट किया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bhuvneshwar kumar, India Vs England, Jos Buttler, Mark Wood, Suryakumar Yadav, T20 World Cup, T20 World Cup 2022, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : November 09, 2022, 10:22 IST
[ad_2]
Source link