[ad_1]
एडिलेड. टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल मैच, क्रिकेटप्रेमियों को भुलाए नहीं भूलेगा. इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया की शर्मनाक हार भारत के क्रिकेट प्रेमी लंबे अर्से तक भूल नहीं पाएंगे. इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने जिस तरीके से सधी हुई और मारक बल्लेबाजी का नजारा एडिलेड क्रिकेट ग्राउंड पर पेश किया, वह क्रिकेट के लिहाज से तो अद्भुत था. मगर भारतीय खेलप्रेमियों के लिए इससे बड़ी निराशा और कुछ हो ही नहीं सकती. कहां तो वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में परंपरागत प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ने के सपने देखे जा रहे थे. रोहित शर्मा की कप्तानी, विराट कोहली के शानदार फॉर्म और सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारी की कल्पना की जा रही थी. लेकिन क्रिकेट के जन्मदाता देश इंग्लैंड ने भारतीय सपनों का बेड़ा गर्क कर दिया.
टीम इंडिया को इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में खेल के हर क्षेत्र में रौंद कर रख दिया. इंग्लैंड ने सेमीफाइनल मैच में बॉलिंग, फील्डिंग और बैटिंग, हर क्षेत्र में जानदार-शानदार खेल का प्रदर्शन किया. टॉस जीतकर अंग्रेजों ने पहले बॉलिंग चुनी और शुरुआती ओवरों में ही भारतीय टीम को झटके-दर-झटके दिए. विराट कोहली और हार्दिक पांड्या को छोड़, टीम इंडिया का कोई भी बल्लेबाज जमकर खेल नहीं सका. पहली पारी समाप्त होने के बाद जब इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज क्रीज पर उतरे, तो भारतीय खेलप्रेमी भुवनेश्वर, अर्शदीप, अक्षर, हार्दिक जैसे बॉलरों से लगातार विकेट की उम्मीद लगाए बैठे थे. लेकिन पहले ओवर से लेकर 20वें ओवर तक इंतजार करते रह गए, एक विकेट न चटका.
10 विकेटों से हार का बन गया रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम पहली बार 10 विकेट से हारी हो, ऐसा नहीं है. पिछले टी20 वर्ल्ड कप में ही पाकिस्तान ने टीम इंडिया को इतने ही विकेटों से करारी शिकस्त दी थी. 2022 के वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से हारकर टीम इंडिया ने अनचाहे ही हार का नया रिकॉर्ड बना दिया. यह टीम टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में 10 विकेट से हारकर सेमीफाइनल से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है. पिछले वर्ल्ड कप में जब टीम हारी थी, तो कप्तान विराट कोहली थे, इस बार रोहित शर्मा के हिस्से में यह शर्मनाक ‘खिताब’ आया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: England cricket team, T20 World Cup, Team india
FIRST PUBLISHED : November 10, 2022, 16:53 IST
[ad_2]
Source link