[ad_1]
हाइलाइट्स
पीसीबी चेयरमैन रमीज राजा ने कामरान अकमल को नोटिस भेजा
अकमल ने कथित तौर पर टीम की आलोचना करते हुए सीमाएं लांघी थीं
कई और पूर्व क्रिकेटर को भी पीसीबी भेज सकता है नोटिस
नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन रमीज राजा ने विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल को लीगल नोटिस भेजा है. अकमल को यह नोटिस सोशल मीडिया पर दिए उनके बयान के कारण थमाया गया है. दरअसल, अकमल ने कथित तौर पर अपने यू-ट्यूब चैनल पर बाबर आजम की पाकिस्तान टीम के टी20 विश्व कप के प्रदर्शन पर अपमानजनक, झूठी और आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. अकेले अकमल नहीं, बल्कि पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर, वसीम अकरम, वकार यूनिस जैसे दिग्गजों ने भी टीवी और अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टी20 विश्व कप में प्रदर्शन को लेकर पाकिस्तान टीम की आलोचना की थी. खासतौर पर तब, जब भारत और जिम्बाब्वे के खिलाफ हारने के बाद उस पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा था.
बता दें कि कामरान बाबर आजम के चचेरे भाई हैं और उन्होंने जिम्बाब्वे से मिली हार के बाद बाबर को कप्तानी छोड़ने की भी सलाह दी थी.
यह साफ नहीं है कि अकमल की किस टिप्पणी से पीसीबी प्रमुख राजा को ठेस पहुंची, जिसके लिए उन्हें कानूनी नोटिस थमाया गया. घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘मुझे नहीं पता कि उन्होंने कामरान के खिलाफ वास्तव में क्या आरोप लगाए हैं. लेकिन जाहिर तौर पर कानूनी नोटिस भेजा गया है, क्योंकि चेयरमैन का मानना है कि कामरान ने उनके बारे में मीडिया में अपमानजनक, झूठी और आपत्तिजनक टिप्पणी की.’
रिपोर्ट की मानें तो कुछ और पूर्व खिलाड़ियों को कानूनी नोटिस भेजे जा सकते हैं, जिनके अपने यूट्यूब चैनल हैं और ‘टीम के प्रदर्शन की आलोचना करते हुए वो लगातार सीमा पार करते हैं. सूत्र ने कहा, ‘उनमें से कुछ ने टीम, प्रबंधन, बोर्ड और अध्यक्ष की आलोचना करते हुए स्पष्ट रूप से लाइन क्रॉस की और रमीज राजा ने साफ कर दिया है कि वह किसी को भी पाकिस्तान क्रिकेट को नीचा दिखाने या बदनाम करने के लिए बर्दाश्त नहीं करेंगे.’
रमीज राजा की तरफ से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की लीगल टीम को साफ निर्देश दिए गए हैं कि अगर कोई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर अपने यूट्यूब चैनल या फिर किसी अन्य माध्यम के जरिए टीम के खिलाफ गलत बयानबाजी करता है, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट की साख धूमिल होती है तो उसके खिलाफ कड़ा एक्शन लें.
बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के फाइनल में मिली हार के बाद कई पूर्व क्रिकेटर ने बोर्ड के साथ टीम में बदलाव की बात कही थी. खासतौर पर कप्तान बाबर आजम को हटाने तक की बात कह डाली थी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Babar Azam, Kamran akmal, Pakistan, Pcb, Ramiz Raja, Shoaib Akhtar, T20 World Cup, T20 World Cup 2022
FIRST PUBLISHED : November 16, 2022, 11:39 IST
[ad_2]
Source link