[ad_1]
हाइलाइट्स
भारत बनाम पाकिस्तान टेस्ट सीरीज मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा सकता है
टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप में भिड़ंत हुई थी
भारतीय टीम ने आखिरी बार पाकिस्तान से साल 2007 में टेस्ट सीरीज खेली थी
नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) की क्रिकेट टीमें इस साल टी20 विश्व कप में आमने सामने हुई थीं. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था. उस मैच को देखने के लिए रिकॉर्ड संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे. उस मैच की अपार सफलता को देखते हुए अब मेलबर्न क्रिकेट क्लब (MCC) दोनों टीमों के बीच टेस्ट मैच की मेजबानी के बारे में सोच रहा है. एमसीजी का प्रबंधन देखने वाले एमसीसी और विक्टोरिया की सरकार ने भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच की मेजबानी को लेकर हाल में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) से बातचीत की है.
एमसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टुअर्ट फॉक्स (Stuart Fox) ने अक्टूबर में यहां खेले गए टी20 विश्व कप मैच की जबरदस्त सफलता को देखते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच के आयोजन में दिलचस्पी दिखाई है. इन दोनों देशों के बीच खेले गए इस मैच में 90 हजार से अधिक दर्शक उपस्थित थे. फॉक्स ने एसईएन रेडियो से कहा, ‘निश्चित तौर पर एमसीजी में लगातार तीन टेस्ट मैचों का आयोजन शानदार होगा. हर बार स्टेडियम खचाखच भरा होगा. हमने इस बारे में जानकारी ली है. हमने इस बारे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से बात की है. मैं जानता हूं कि (विक्टोरिया) सरकार ने भी ऐसा किया है. मैं जानता हूं कि व्यस्त कार्यक्रम के बीच यह बेहद जटिल है इसलिए मेरा मानना है कि संभवत: यह बहुत बड़ी चुनौती है.’
द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज आखिरी बार 2007 में खेली गई थी
फॉक्स ने कहा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इस बारे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से बात करनी चाहिए. बकौल स्टुअर्ट फॉक्स, ‘उम्मीद है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस बारे में आईसीसी से बात करता रहेगा और इस पर जोर देता रहेगा. जब आप दुनिया भर में कई स्टेडियमों को खाली देखते हैं तो ऐसे में मुझे लगता है खचाखच भरा स्टेडियम और वहां का माहौल खेल के लिए बेहतर होगा.’ भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज आखिरी बार 2007 में खेली गई थी. इसके बाद उनका सामना आईसीसी या एशियाई क्रिकेट परिषद के टूर्नामेंट में ही हुआ है.
‘स्टेडियम खचाखच भरने की उम्मीद’
पाकिस्तान को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अगले चक्र में 2023 में एमसीजी पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच खेलना है. फॉक्स को उम्मीद है कि तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के इस मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप के मैच की तरह ही स्टेडियम खचाखच भरा होगा. उन्होंने कहा, ‘जिस तरह का माहौल भारत और पाकिस्तान के उस मैच में था, मैंने वैसा माहौल एमसीजी में पहले कभी नहीं देखा था. प्रत्येक गेंद के बाद शोर उठना अभूतपूर्व था. लोगों ने अपने परिवार और बच्चों के साथ इसका पूरा लुत्फ उठाया था.’
साल 2012 में दोनों टीमें आखिरी बार द्विपक्षीय सीरीज में टकराई थीं
राजनीतिक कारणों की वजह से भारत और पाकिस्तान के बीच कई वर्षों से द्विपक्षीय सीरीज बंद है. दोनों टीमों के बीच आखिरी बार साल 2012 में द्विपक्षीय सीरीज खेली गई थी. तब तीन टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली गई थी. उसके बाद से दोनों टीमें कभी द्विपक्षीय सीरीज में नहीं टकराई हैं. हालांकि इस दौरान वे जरूर आईसीसी टूर्नामेंट में आमने सामने होती रही हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Babar Azam, India Vs Pakistan, Rohit sharma
FIRST PUBLISHED : December 29, 2022, 13:27 IST
[ad_2]
Source link