[ad_1]
नई दिल्ली. बाबर आजम (Babar Azam) की गिनती दुनिया के दिग्गज बैटर्स में होती है. साल 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में उनसे अधिक रन दुनिया का अन्य कोई बल्लेबाज नहीं बना सका. लेकिन फिर भी वे पाकिस्तान (Pakistan) टीम से बाहर हो सकते हैं. इसकी वजह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नए अंतरिम चीफ सेलेक्टर बने पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) का नया फरमान है. उन्होंने साफ कर दिया है कि टी20 टीम में उसी को जगह मिलेगी, जिसका स्ट्राइक रेट 135 से अधिक होगा. इस मामले में बाबर से लेकर मोहम्मद रिजवान तक पिछड़ते नजर आ रहे हैं. पिछले साल पाकिस्तान ने टी20 इंटरनेशनल में 20 खिलाड़ियों को मौका दिया. इनमें से 10 का स्ट्राइक रेट 135 से कम है. यानी नए नियम के मुताबिक आधे खिलाड़ी टीम से बाहर हो जाएंगे.
बाबर आजम की अगुआई में पाकिस्तान की टीम पिछले दिनों ऑस्ट्रेलिया में हुए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक में पहुंचने में सफल रही थी. हालांकि उसे खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड से हार मिली थी. टूर्नामेंट के दौरान भी बाबर आजम से लेकर मोहम्मद रिजवान तक के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठे थे. बाबर ने 93 के स्ट्राइक रेट से 124 रन बनाए थे. वहीं रिजवान ने 109 के स्ट्राइक रेट से 175 रन बनाए थे. कोई भी बड़ा बैटर कमाल नहीं दिखा सका था. इस दौरान भी अफरीदी ने पाक बल्लेबाजों के स्ट्राइक रेट पर नाराजगी जताई थी. पिछले दिनों उन्हें सेलेक्टर पद की जिम्मेदारी मिली है.
बाबर और रिजवान का स्ट्राइक एक सा
2022 के टी20 इंटरनेशनल के रिकॉर्ड को देखें, तो मोहम्मद रिजवान ने 25 पारियों में 996 रन बनाए. 10 अर्धशतक जड़ा. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 122.96 का रहा. वहीं बाबर आजम ने 26 पारियों में एक शतक और 5 अर्धशतक के सहारे 735 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 123.32 का रहा. इसके अलावा आसिफ अली, मोहम्मद नवाज, शान मसूद, इफ्तिखार अहमद, हैदर अली, खुशदिल शाह, फखर जमां और मोहम्मद वसीम का भी स्ट्राइक रेट 130 से कम का रहा.
अर्जुन से लेकर हार्दिक तक आज करेंगे नए साल का आगाज, संजू सैमसन लेंगे जूनियर तेंदुलकर का टेस्ट!
शादाब का प्रदर्शन रहा अच्छा
पाकिस्तान के ऑलराउंडर शादाब खान ने इस दौरान बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करते हुए ना सिर्फ रन बनाए, बल्कि उनका स्ट्राइक रेट भी बेहतरीन रहा. उन्होंने पिछले साल 12 पारियों में 201 रन बनाए. एक अर्धशतक जड़ा. स्ट्राइक रेट 154.61 का रहा. वहीं मोहम्मद हारिस ने 138.66 के स्ट्राइक रेट से 104 रन बनाए. शाहनवाज दहानी, नसीम शाह, हसन अली, उस्मान कादिर, शाहिन अफरीदी, हारिस रऊफ, मोहम्मद हसनैन और आमेर जमाल को बल्लेबाजी का कम मौका मिला, लेकिन इन सभी का स्ट्राइक रेट 135 से ऊपर का है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Babar Azam, Mohammad Rizwan, Pakistan, Pcb, Shahid afridi
FIRST PUBLISHED : January 03, 2023, 12:50 IST
[ad_2]
Source link