[ad_1]
नई दिल्ली. हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) की कप्तानी में टीम इंडिया अभी श्रीलंका से टी20 सीरीज खेल रही है. 3 मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे है. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में भारतीय टीम को 2 रन से रोमांचक जीत मिली थी. दूसरा मैच आज पुणे में होना है. पंड्या की नजर यह मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा करने की होगी. हालांकि भारतीय टीम को इस मैच से पहले बड़ा झटका लगा. संजू सैमसन चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह विकेटकीपर बैटर जितेश शर्मा को जगह मिली है. पहले मैच में तेज गेंदबाज शिवम मावी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके थे. वहीं दीपक हुडा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी.
ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की फिटनेस को लेकर आईपीएल 2022 से पहले सभी को संशय था. वे बैक की चोट से उबर रहे थे. टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भी उनका प्रदर्शन औसत रहा था. इसके बाद वे लगभग 6 महीने बाहर रहे. लेकिन टी20 लीग में 2022 में उन्हें गुजरात टाइटंस का कप्तान बनाया गया. उन्होंने गेंद और बल्ले से जोरदार प्रदर्शन करते हुए टीम को चैंपियन बनाया. इसके बाद से वे खिलाड़ी के अलावा बतौर कप्तान सबकी नजरों में आए. इसके बाद उन्हें भारतीय टीम का कप्तान भी बनाया गया.
वेस्टइंडीज से लेकर न्यूजीलैंड तक को दे चुके हैं मात
हार्दिक पंड्या को पिछले साल पहली बार आयरलैंड दौरे पर कमान मिली. भारतीय टीम सीरीज 2-0 से जीतने में सफल रही. फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें एक मैच कप्तानी करने का मौका मिला. यहां भी उन्होंने जीत दर्ज की. टी20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद न्यूजीलैंड दौरे पर गई युवा टीम की कमान भी पंड्या के हाथों में थी और टीम ने सीरीज पर 1-0 से कब्जा किया. अब वे आज दूसरा टी20 जीतकर श्रीलंका के खिलाफ भी सीरीज पर कब्जा करना चाहेंगे. वे अब तक 3 देशों के खिलाफ सीरीज जीतने में अहम रोल निभा चुके हैं.
29 साल के हार्दिक पंड्या ने अब तक 6 टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम की कमान संभाली है और एक भी मैच नहीं गंवाया है. 5 में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच टाई रहा. बतौर खिलाड़ी वे अब तक 82 टी20 इंटरनेशनल में 26 की औसत से 1189 रन बना चुके हैं. स्ट्राइक रेट 145 का है. 3 अर्धशतक जड़ा है. वहीं बतौर तेज गेंदबाज 62 विकेट भी झटके हैं. 33 रन देकर 4 विकेट बेस्ट प्रदर्शन है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Dasun Shanaka, Hardik Pandya, India Vs Sri lanka, Sri lanka, Team india
FIRST PUBLISHED : January 05, 2023, 07:36 IST
[ad_2]
Source link