[ad_1]
पहला मुकाबला मेजबान हारते-हारते जीते, लेकिन दूसरे मैच मे सूर्य कुमार यादव और अक्षर पटेल की बल्लेबाजी के अलावा टीम इंडिया के पास दिखाने को कुछ भी नहीं था. पाथुम निसंका और कुशल मेंडिस ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़कर भारतीय गेंदबाजी का मखौल उड़ाया, और उसके बाद कप्तान दासून सनाका ने आखिरी चार ओवर मे 68 रन जोड़कर नासूर बन चुके गेंदबाजी के घाव पर नमक भी छिड़क दिया. प्रमुख गेंदबाज अरशदीप ने दो ओवर मे 37 रन दिए, जिनमें 5 नो बाल थीं. आलम यह कि उनसे पूरे चार ओवर का कोटा भी न कराया जा सका.
शिवम मावी ने 4 ओवर मे 53 रन खर्चे. बल्लेबाजी मे भी ईशान किशन, शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी टीम मे शामिल किए जाने की औपचारिकता पूरी करते दिखाई दिए. यादव और पटेल ने दर्शकों का मनोरंजन किया, लेकिन 200 के आँकड़े को पार करना कतई आसान नहीं था. पहले मुकाबले में भारत के लिए दीपक हुडा, ईशान किशन, हार्दिक पाण्ड्या और अक्षर पटेल ने जिम्मेदारी निभाई, लेकिन शुभमन गिल लगातार नही चल पाए.
परेशानी यह कि सेलेक्टर्स अगर नए खिलाड़ियों को मौका दें और वह उम्मीदों पर खरा न उतरे, तो कोई क्या कर सकता है. विकल्प मौजूद हैं, लेकिन निरन्तरता नहीं दिखा पाते. जल्दी आउट होना या खराब गेंदबाजी कई बार छोटे फॉर्मेट मे चौंकाती नहीं है, लेकिन लापरवाही और विकेट थ्रो करना हजम नहीं होता. इस बीच, संजू सैमसन पहले मुकाबले में चोटिल होने के बाद अब इलाज करा रहे हैं और उनकी जगह सेलेक्टर्स ने विदर्भ के विकेटकीपर जितेश शर्मा को शामिल किया है. पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल में खेलने वाले जितेश शर्मा को टीम में ईशान किशन के कवर के रूप में रखा गया है.
राजकोट में कल खेला जाएगा सीरीज का तीसरा टी20 मुकाबला
इधर, भारत की वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी भी चल रही है. श्रीलंका के खिलाफ जिस टीम की घोषणा की गई है, उसमें अश्विन और धवन नहीं हैं. हालांकि रोहित शर्मा टीम के कप्तान बने रहेंगे. इस साल होने वाले विश्व कप के लिए बीसीसीआई ने जिन 20 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है उसमें भी अश्विन और शिखर धवन नहीं हैं. इसके विपरीत अर्शदीप सिंह और उमरान मालिक को मौका दिया गया है. एनसीए से क्लीन चिट मिलने के बाद जसप्रीत बुमराह भी श्रीलंका के विरुद्ध वनडे टीम में टीम में शामिल किए गए हैं जो 10 जनवरी से शुरू होगी.
भारत की अंडर-19 महिला क्रिकेटर्स ने दक्षिण अफ्रीका में टी-20 मैचों की सीरीज एकतरफा अंदाज में 4-0 से जीतकर वहां होने वाले पहले टी20 वर्ल्ड कप की अच्छी तैयारी की है. टीम में शेफाली वर्मा और रिचा घोष भी शामिल हैं. सीरीज का दूसरा और तीसरा मैच खराब मौसम के कारण नहीं हो सका था, लेकिन बाद में रीशेड्यूल किये गये मैचों के बाद भारत ने खेले गए सभी मुक़ाबले जीते. भारतीय गेंदबाजों ने इस सीरीज में जबरदस्त प्रदर्शन दिखाया और मेजबान दक्षिण अफ्रीका को लगभग सभी मैचों में ऑलआउट किया.
इस दौरान, फलक नाज, नाज़ला सीएमसी, सोनम यादव और सोनिया जैसी गेंदबाज उभर कर सामने आईं. इसके अलावा उप कप्तान श्वेता सहरावत ने भी एक मैच में कप्तानी की और उन्होंने रिचा घोष और शेफाली वर्मा की गैरमौजूदगी में भी टीम को आसान जीत दिला दी. सीरीज के जिन तीन मैचों में शेफाली वर्मा और रिचा घोष खेली उसमें उनका प्रदर्शन बहुत ज्यादा प्रभावी नहीं रहा. दोनों ही भारतीय सीनियर टीम की प्रमुख खिलाड़ी हैं लेकिन जिस तरह के प्रर्दशन के लिए दोनों विख्यात हैं, वैसा अंडर-19 मुकाबले में नहीं देखा गया. बावजूद इसके दोनों की मौजूदगी से ही भारतीय खिलाड़ियों में उत्साह है और यह आगामी विश्वकप में टॉनिक का काम कर सकता है.
सितंबर में कराया जाएगा एशिया कप
अगला एशिया कप सितंबर में कराया जाएगा, जिसके लिए एशियन क्रिकेट काउंसिल ने ग्रुप बाँट दिए है. एक बार फिर से भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. जाहिर है इस बार वनडे फॉर्मेट में भी एशिया कप हिट होने वाला है. इस ग्रुप में तीसरी टीम क्वालीफायर से मिलेगी. दूसरे ग्रुप में श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को रखा गया है. लेकिन एशिया कप का कब और कहां होगा, इस बात की औपचारिक घोषणा का इंतज़ार है. पाकिस्तान को इसकी मेजबानी करनी है, लेकिन अभी के माहौल में नहीं लगता कि इसका आयोजन वहां हो पाएगा.
पिछले साल जब एशिया कप का आयोजन हुआ था, तब भारत की टीम फाइनल तक नही पहुंच पाई थी. श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में खेली थी. इधर, बीसीसीआई ने ऋषभ पंत को देहरादून से एयरलिफ्ट कर मुंबई में शिफ्ट कर दिया है ताकि उनका बेहतर इलाज किया जा सके. पंत पिछले सप्ताह कार एक्सीडेंट में चोटिल हो गए थे.
और अंत में घरेलू क्रिक्रेट.
रणजी ट्रॉफी के चौथे राउंड के कल तीसरे दिन की समाप्ति तक चार मैचों का फैसला हो चुका है. इसमें मणिपुर, रेलवे, पंजाब और सौराष्ट्र ने जीत हासिल की. इससे पहले तीसरे राउंड के मुकाबले में सात टीमों ने पहली पारी में पिछड़ने के बावजूद जीत हासिल की थी.
चौथे राउंड में सबसे जानदार प्रदर्शन सौराष्ट्र के जयदेव उनादकट ने किया जिन्होंने दिल्ली के खिलाफ पहले ही ओवर में हैट्रिक ली और पारी में आठ विकेट हासिल किए. उनके इस प्रदर्शन की बदौलत सौराष्ट्र ने दिल्ली के खिलाफ मैच के तीसरे दिन एक पारी और 214 रन से जीत हासिल की. इसके अलावा बंगाल के अभिमन्यु ईश्वरन ने उत्तराखंड के खिलाफ़ शतक जमाया.
ईश्वरन ने देहरादून के उसी स्टेडियम में यह प्रदर्शन किया जिसे उनके पिता आरपी ईश्वरन ने 2005 में बनाया था. चौथे राउंड के कुछ अन्य मैचों में कर्नाटक के मयंक अग्रवाल ने 102 रन की पारी खेली, जबकि त्रिपुरा के खिलाफ चंडीगढ़ के कप्तान मनन वोहरा ने दोहरी शतकीय पारी खेली. इसके अलावा विदर्भ के खिलाफ मध्य प्रदेश के आवेश खान ने भी सात विकेट हासिल किए. मध्यप्रदेश की पारी में रजत पाटीदार ने भी शतक जमाया.
अंडर 19 कूच बिहार कूच ट्रॉफी का खिताब विदर्भ ने फाइनल में तमिलनाडु को आठ विकेट से हराकर अपने नाम कर लिया. विदर्भ की पारी में कप्तान मोहम्मद फैज ने 115 रन की पारी खेली. पूरे टूर्नामेंट में चैंपियन टीम के दानिश मालेवार ने सबसे ज्यादा 1171 रन बनाये.
विजय मर्चेंट अंडर-19 टूर्नामेंट का क्वार्टर फाइनल आज पूरा होगा. लेकिन कल तीसरे दिन महाराष्ट्र को सात विकेट से हराकर पंजाब सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम पहली टीम बन गई. बाकी तीन क्वार्टर फाइनल मैचों में इस समय गुजरात की टीम झारखंड के खिलाफ, मुंबई की टीम दिल्ली के खिलाफ और आंध्र प्रदेश की टीम मध्यप्रदेश के खिलाफ खेल रही है. सेमी फाइनल मुकाबला 10 जनवरी से खेला जाएगा.
सीके नायडू ट्रॉफी का पहला राउंड पूरा हो चुका है. इसमें सात टीमों ने पारी के अंतर से जीत दर्ज की है. पांच मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए जबकि एक मैच में पहली पारी पूरी नहीं हो सकी. पहले राउंड के मैचों में केरल के कृष्णा प्रसाद ने 254 की पारी खेली. टूर्नामेंट का दूसरा राउंड आठ जनवरी से खेला जाएगा.
पहली बार शुरू हुए अंडर 15 महिला वनडे टूर्नामेंट के ग्रुप चरण की समाप्ति के बाद नॉकआउट मुकाबले आज से जयपुर में खेले जा रहे हैं . प्री क्वार्टर फाइनल में विदर्भ का सामना केरल से, महाराष्ट्र का मुकाबला तमिलनाडु से, झारखंड का हरियाणा से और हैदराबाद का राजस्थान से मुकाबला हो रहा है. इसके बाद आठ जनवरी को क्वार्टर फाइनल, 10 जनवरी को सेमीफाइनल और 12 जनवरी को फाइनल मुकाबला होगा. ग्रुप चरण के आखिरी चरण में चार बल्लेबाजों ने शतक जड़े. इस टूर्नामेंट की एक पारी में 35 ओवरों का खेल होता है. यह था, सप्ताह भर की क्रिकेट गतिविधियों पर आधारित पॉडकास्ट-सुनो दिल से. संजय बैनर्जी को अनुमति दीजिए नमस्कार.
[ad_2]
Source link