[ad_1]
हाइलाइट्स
टीम इंडिया की मजबूत दीवार रहे द्रविड़ आज मना रहे हैं 50वां जन्मदिन
इस पूर्व बैटर से खौफ खाने के साथ इज्जत भी करते थे दिग्गज गेंदबाज
नई दिल्ली. जैम…जैम…जैमी. जी, हम बात कर रहे हैं टीम इंडिया की वॉल कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ की. भारतीय टीम के हेड कोच द्रविड़ ने एक और फिफ्टी जड़ दी है. दरअसल, राहुल आज यानी 11 जनवरी को अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं. इंदौर में जन्में द्रविड़ के पिता खाद्य वैज्ञानिक थे और उनकी कंपनी जैम और केचअप बनाती थी, इसीलिए राहुल को उनके साथी जैमी कहकर बुलाते थे.
सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, एमएस धोनी और विराट कोहली की तरह राहुल द्रविड़ कभी भारतीय क्रिकेट के पोस्टर ब्वॉय नहीं बन पाए. खामोश शख्सियत वाले राहुल ने हमेशा बैकग्रांउड में रहकर अपना काम किया. हालांकि, दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों पर उनका खौफ तारी रहता था. ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल कप्तानों में शुमार स्टीव वॉ भारत और आस्ट्रेलिया मैच के दौरान अक्सर अपने साथियों से कहते थे, 15 मिनट में द्रविड़ का विकेट लेना है. अगर ऐसा नहीं कर पाए तो बाकी 10 खिलाड़ियों को आउट करने की कोशिश करना. राहुल की बैटिंग के बारे में पाकिस्तान के पेसर शोएब अख्तर ने कहा था, द्रविड़ को गेंदबाजी करना सचिन से ज्यादा मुश्किल था. राहुल के डिफेंस को भेदना आसान नहीं था, इसीलिए उन्हें द वॉल कहा गया.
ऋषभ पंत आईपीएल में खेलेंगे या नहीं? सौरव गांगुली ने कर दिया खुलासा
किस्मत से मिला पहला टेस्ट खेलने का मौका
राहुल द्रविड़ ने 17 साल की उम्र में कर्नाटक के लिए खेलना शुरू कर दिया. राहुल को अपना पहला टेस्ट खेलने का मौका किस्मत से मिला था. दरअसल, 1996 में इंग्लैंड दौरे पर संजय मांजरेकर चोटिल हो गए और बेंच पर बैठे द्रविड़ को लॉर्डस में उतरने का मौका मिल गया. इसी मैच में सौरव गांगुली ने भी डेब्यू करते हुए शतक जड़ा जबकि, राहुल द्रविड़ 95 रन बनाकर आउट हुए.
सबसे ज्यादा गेंद खेलने वाले बैटर
राहुल ने 16 साल के करियर में कुल 31 हजार 258 गेंद खेली हैं. इस दौरान उन्होंने कुल 736 घंटे तक क्रीज पर गेंदबाजों का सामना किया है. द्रविड़ अपने क्रिकेट करियर में कभी गोल्डन डक पर आउट नहीं हुए. उन्होंने 164 टेस्ट मैचों में स्लिप में 210 कैच लपके जो एक रिकॉर्ड है. राहुल ने अपने करियर का एकमात्र टी20 मैच इंग्लैंड के खिलाफ साल 2011 में खेला था. इसमें उन्होंने 31 रन बनाए थे.
सभी टेस्ट देशों के खिलाफ लगाया शतक
द्रविड़ ने 509 इंटरनेशनल मुकाबलों में 24,208 रन बनाए हैं. वह सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे सबसे सफल भारतीय बैटर हैं. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने टेस्ट फॉर्मेट में 36 शतक जड़े हैं. राहुल के नाम टेस्ट क्रिकेट खेलने वाली सभी 10 टीमों के खिलाफ शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है. वह इकलौते भारतीय क्रिकेटर जिन्होंने लगातार 4 पारियों में 4 शतक लगाए हैं. द्रविड़ ने नागपुर की विजेता पेंडरकर से शादी की जो पेशे से सर्जन हैं. कभी बैंगलोर के चिन्नास्वामी स्टेडियम जाना हो तो वहां आपकी मुलाकात द वॉल से होगी. दरअसल, स्टेडियम के बाहर एक दीवार है जिस पर लिखा है, कमिटमेंट,क्लास और कंस्सिटेंसी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: BCCI, On This Day, Rahul Dravid, Team india
FIRST PUBLISHED : January 11, 2023, 09:15 IST
[ad_2]
Source link