[ad_1]
हाइलाइट्स
भारत ने महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप में जीत से आगाज किया
शेफाली वर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराया
श्वेता सेहरावत ने भारत के लिए 92 रन की तूफानी पारी खेली
नई दिल्ली. दक्षिण अफ्रीका में अगले महिला टी20 विश्व कप खेला जाना है. इससे पहले, वहां लड़कियों का अंडर-19 वर्ल्ड कप खेला जा रहा है. इसमें भारत ने जीत के साथ आगाज किया है. भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने अपने पहले मैच में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से रौंद दिया. भारत की जीत में श्वेता सेहरावत की अहम भूमिका रही. उन्होंने 57 गेंद में 92 रन की तूफानी पारी खेली. हालांकि, श्वेता पहली बार खेले जा रहे महिला अंडर-19 विश्व कप का हिस्सा शायद नहीं बन पाती. उन्होंने बोर्ड एग्जाम के कारण अंडर-19 टीम के ट्रायल्स में हिस्सा नहीं लेने का फैसला लिया था. हालांकि, नेशनल क्रिकेट एकेडमी के चीफ वीवीएस लक्ष्मण के समझाने पर वो तैयार हुईं और अब महिला अंडर-19 विश्व कप के पहले मैच में ही तूफानी पारी खेल सबको अपना मुरीद बना लिया.
पिछले साल मई में, श्वेता सेहरावत ने नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को एक चिठ्ठी लिखी थी, जिसमें कहा गया था कि वह बारहवीं के बोर्ड एग्जाम के कारण 15 मई से 9 जून तक होने वाले महिला अंडर-19 कैंप में हिस्सा नहीं ले पाएंगी. लेकिन लक्ष्मण, जिन्होंने श्वेता की बल्लेबाजी के बारे में पहले से सुन रखा था ने उन्हें जवाब दिया कि वो(श्वेता) कम से कम कुछ दिनों के लिए सही कैंप का हिस्सा जरूर बनें.
लक्ष्मण की समझाइश के बाद श्वेता कैंप में शामिल हुईं
लक्ष्मण की समझाइश के बाद श्वेता पिछले साल 3 जून को महिला अंडर-19 टीम के कैंप से जुड़ीं और कुछ मैच भी खेले. उन्होंने कैंप के दौरान आखिरी मैच में शतक ठोका था, जिसके बाद उन्हें एनसीए की जोनल टीम में जगह मिली. इस टीम के लिए उन्होंने 6 मैच में 2 और शतक ठोके.
लक्ष्मण सर ने हमें बेटी को भेजने के लिए राजी किया: श्वेता के पिता
श्वेता के पिता संजय सेहरावत ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘हमने उम्मीद छोड़ दी थी. यह वीवीएस (लक्ष्मण) सर थे, जिन्होंने हमें इस बात के लिए राजी किया कि भले ही दो-तीन का ही वक्त हो. लेकिन, श्वेता को जरूर कैंप के लिए भेजें. वह सिर्फ श्वेता को बैटिंग करते हुए देखना चाहते थे और श्वेता अपने खेल से उन्हें प्रभावित करने में सफल रही.’
बता दें कि महिला अंडर-19 विश्व कप के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 167 रन का मुश्किल लक्ष्य दिया था. लेकिन, श्वेता की ताबड़तोड़ पारी के कारण भारत ने 21 गेंद रहते ही 7 विकेट से मैच जीत लिया. श्वेता और कप्तान शेफाली वर्मा (45) ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई. शेफाली ने 16 गेंद में 45 रन की पारी खेली. उन्होंने 9 चौके और एक छ्क्का जमाया. श्वेता और शेफाली ने मिलकर पहले 7 ओवर में 77 रन जोड़े. शेफाली के आउट होने के बाद टीम की उपकप्तान श्वेता ने मोर्चा संभाला और तूफानी पारी खेल टीम को जीत दिला दी. श्वेता ने 92 रन की पारी में 20 चौके जड़े.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Indian Women’s Cricket Team, Shafali verma, Women cricket
FIRST PUBLISHED : January 15, 2023, 08:53 IST
[ad_2]
Source link