[ad_1]
हाइलाइट्स
भारत को विराट कोहली के बाद मिली एक और रन मशीन
18 वनडे पारियों में ही ठोक डाले 850 से अधिक रन
नई दिल्ली. टीम इंडिया के लिए इससे बेहतर साल की शुरुआत नहीं हो सकती थी. पहले टी20 में श्रीलंका को हराया और रही सही कसर वनडे सीरीज में लंका का सफाया कर पूरी कर दी. श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले रोहित शर्मा के सलामी जोड़ीदार को लेकर काफी बहस हो रही थी. बांग्लादेश में रिकॉर्डतोड़ दोहरा शतक ठोकने वाले ईशान किशन को मौका दिए जाने का शोर हर ओर था. लेकिन, रोहित ने साफ कह दिया कि शुभमन गिल बतौर ओपनर हमारी पहली पसंद हैं. अतीत में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है. ऐसे में हम उन्हें और मौके देंगे. हालांकि, तब रोहित का यह फैसला सबको रास नहीं आया. लेकिन, सीरीज खत्म होने पर सबको जवाब मिल गया.
शुभमन गिल कप्तान रोहित के भरोसे पर खरे उतरे. उन्होंने गुवाहाटी की कसर तिरुवनंतपुरम में शतक ठोककर पूरी कर दी. गिल ने 97 गेंद में 14 चौके और 2 छक्के की मदद से 116 रन की पारी खेली. विराट कोहली (283) के बाद गिल वनडे सीरीज में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बैटर रहे. उन्होंने 3 मैच में 69 की औसत से 207 रन बनाए.
गिल की ओपनिंग में जगह पक्की
गिल के इस प्रदर्शन से यह साफ हो गया कि विश्व कप शुरू होने से पहले भारतीय टीम को रोहित का नया सलामी जोड़ीदार मिल गया. अब बैकअप ओपनर के लिए जिस भी खिलाड़ी के नाम पर विचार किया जाए. गिल ने तो ओपनिंग स्लॉट में जगह पक्की कर ली. सिर्फ वनडे ही नहीं. सेलेक्टर्स अब टी20 और टेस्ट में भी उन्हें बतौर ओपनर ही देखेंगे.
एक साल में कर दी धवन की छुट्टी!
बीते 1 साल में गिल ने अपने प्रदर्शन में गजब की निरंतरता दिखाई है. इसका सबूत है बल्लेबाजी से जुड़े आंकड़े. पिछले साल गिल ने 12 वनडे में 71 की औसत से 638 रन बनाए. उनका औसत विराट और रोहित से भी ज्यादा रहा. टेस्ट क्रिकेट में जरूर उन्हें प्रदर्शन में सुधार करना होगा. गिल ने पिछले साल 3 टेस्ट में 29 की औसत से 178 रन बनाए थे. गिल के प्रदर्शन की वजह से रोहित के पुराने सलानी जोड़ीदार शिखर धवन की मुश्किलें बढ़ गईं. उन्हें सेलेक्टर्स ने न तो श्रीलंका और न ही न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए चुना. जबकि पिछले साल रोहित की गैरहाजिरी में धवन टीम के कप्तान थे और 2022 में भारत के लिए वनडे में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बैटर.
भारत को मिल गया भविष्य का विराट
गिल जिस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं. उसे देखते हुए यह उम्मीद तो की ही जा सकती है कि भारत को भविष्य का विराट कोहली मिल गया. ऐसा हम इसलिए कह रहे. क्योंकि गिल वनडे की पहली 20 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बैटर हैं. उन्होंने तिरुवनंतपुरम वनडे में शतक ठोककर यह मुकाम हासिल किया. गिल ने इस मामले में किसी और को नहीं, बल्कि विराट कोहली को ही पीछे छोड़ा है. गिल ने अभी 18 पारियां ही खेली हैं और उन्होंने 60 से अधिक की औसत से 894 रन ठोक डाले हैं. इसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक हैं. कोहली ने वनडे की पहली 20 पारियों में 847 रन बनाए थे और गिल उनसे आगे निकल गए.
गिल की बैटिंग में कोहली की झलक
विराट कोहली जिस तरह शुरुआत में वक्त लेते हैं और आंखें जमने के बाद विपक्षी गेंदबाजों की नींद हराम कर देते हैं. गिल भी कुछ उसी अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं. वो जरुरत के मुताबिक अपना खेल बदल लेते हैं. गिल ने तिरुवनंतपुरम वनडे में 52 गेंद में 50 रन पूरे किए थे. लेकिन, अगले 50 रन सिर्फ 37 गेंद में ठोके.
कोहली जितनी आसानी से मैदान के हर कोने में बिना जोखिम लिए शॉट्स लगाते हैं. गिल भी वैसा आसानी से कर रहे हैं. वो आक्रामक बैटिंग करते हैं. लेकिन बिना जोखिम लिए. इसका सबूत है भारतीय पारी के छठे ओवर में लाहिरू कुमारा की लगातार 4 गेंद पर जमाए 4 चौके. इसमें से गिल ने एक भी शॉट जोखिम भरा नहीं खेला. शॉर्ट गेंद मिली तो बैकफुट पर पंच किया. गेंद आगे दिखी तो कवर ड्राइव लगाया. यानी उन्हें परिस्थिति के हिसाब से खेलने का हुनर आता है, यह खूबी विराट में कूट-कूटकर भरी है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: India Vs Sri lanka, Rohit sharma, Shikhar dhawan, Shubman gill, Team india, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : January 16, 2023, 07:51 IST
[ad_2]
Source link