[ad_1]
नई दिल्ली. भारत के खिलाफ पहले वनडे में भले न्यूजीलैंड (IND v NZ) की टीम को जीत नहीं मिली हो, बावजूद इसके ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल (Michael Bracewell) अपने खेल से सबका दिल जीत लिया. ब्रेसवेल ने मुश्किल समय में शानदार शतकीय पारी खेली. वह टीम को जीत के मुहाने तक तो ले गए लेकिन आखिर में कीवी टीम बाजी हार गई. भारत के पहाड़नुमा लक्ष्य के सामने कीवी टीम के धुरंधर बैटर एक के बाद एक विकेट गंवाते चले गए लेकिन ब्रेसवेल ने आखिर समय तक हार नहीं मानी. वह संकट के समय में एक छोर पर खूंटा गाड़े खड़े रहे. ऐसा पहली बार नहीं है जब इस प्रतिभावान खिलाड़ी ने ‘संकटमोचक’ की भूमिका निभाई हो बल्कि इससे पहले भी वह मुश्किल परिस्थितियों बड़ी पारी खेल चुके हैं.
हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में भारत ने मेहमान कीवी टीम के सामने 350 रन का लक्ष्य रखा था. टॉम लाथम (Tom Latham) की अगुआई वाली कीवी टीम ने एक समय 131 के कुल स्कोर पर अपने 6 प्रमुख बैटर का विकेट गंवाकर मुश्किल में दिखाई दे रही थी. मेहमान टीम पर बड़े अंतर से हार का खतरा मंडरा रहा था. लेकिन इसके बाद ब्रेसवेल ने सातवें नंबर पर उतकर ऐसी शानदार पारी खेली जिसे देखकर सभी दांतो तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए.
यह भी पढ़ें:शुभमन गिल को क्या डबल सेंचुरी की उम्मीद थी? टीम इंडिया में कौन है उनका बेस्ट फ्रेंड.. जानिए सबकुछ
ब्रेसवेल ने 57 गेंदों पर जड़ा शतक
31 वर्षीय ब्रेसवेल ने 78 गेंदों पर 12 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 140 रन बनाए. इस बैटर ने 57 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. वह वनडे में सबसे तेज शतक जड़ने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे बैटर बने. ब्रेसवेल के वनडे करियर का यह दूसरा शतक था. ब्रेसवेल ने मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) के साथ मिलकर 162 रन की अहम साझेदारी की. सैंटनर ने 45 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली. ब्रेसवेल ने तूफानी सेंचुरी के बाद एमएस धोनी (MS Dhoni) के खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. धोनी ने भी नंबर-7 या इससे निचले क्रम पर खेलते हुए दो बार वनडे क्रिकेट में शतक जड़ा था.
माइकल ब्रेसवेल ने आयरलैंड के खिलाफ दिलाई थी यादगार जीत
न्यूजीलैंड की ओर से पिछले साल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में डेब्यू करने वाले माइकल ब्रेसवेल पहली बार संकटमोचक की भूमिका में नहीं दिखे बल्कि इससे पहले उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ भी शानदार पारी खेली थी. हालांकि उस समय उन्होंने अपनी बेहतरीन शतकीय पारी से टीम को धमाकेदार जीत दिलाई थी. तब कीवी टीम 301 रन का पीछा करते हुए 120 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद ब्रेसवेल ने 82 गेंदों पर नाबाद 127 रन की पारी खेलकर कीवी टीम को यादगार जीत दिलाई थी. ऐसे में दबाव के क्षण में किस तरह की बैटिंग की जाती है, ये कोई माइकल ब्रेसवेल से सीखे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: IND vs NZ, India vs new zealand, Ms dhoni
FIRST PUBLISHED : January 19, 2023, 08:35 IST
[ad_2]
Source link