[ad_1]
नई दिल्ली. अगर किसी वनडे मुकाबले में किसी टीम पर 385 रन बनाकर भी हार का खतरा मंडराने लगे तो क्या कहिएगा. भारत के साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में ऐसा ही हुआ. भारत ने इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए 385 रन का पहाड़ खड़ा किया. फिर तो ऐसा लगा जैसे भारत ने पहले ही हाफ में बाजी मार ली हो. लेकिन न्यूजीलैंड के लड़ाकों ने करारा जवाब दिया. डेवोन कॉनवे और साथियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने एक समय 25 ओवर में 2 विकेट पर 184 रन बना लिए. लगा मैच हाथ से फिसल जाएगा. तभी रोहित शर्मा के लिए लकी माने जाने वाले शार्दुल ठाकुर ने कमाल कर दिया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरे न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. उसके ओपनर फिन एलेन बिना खाता खोले आउट हो गए. उन्हें हार्दिक पंड्या ने बोल्ड किया. लेकिन दूसरे छोर पर डेवोन कॉनवे अड़ गए. ओपनर कॉनवे को हेनरी निकल्स (42) और डेरिल मिचेल (24) का अच्छा साथ मिला. डेवोन कॉनवे ने इंदौर वनडे में निकल्स और डेरिल के साथ मिलकर अपनी टीम को 25 ओवर में 184 रन तक पहुंचा दिया. कॉनवे आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलते हैं.
न्यूजीलैंड की पारी का 26वां ओवर मैच का टर्निंग ओवर साबित हुआ. शार्दुल ने इस ओवर की पहली गेंद पर डेरिल मिचेल को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया. डेरिल को पहली बार में तो अंपायर ने आउट ही नहीं दिया. तब भारतीय टीम ने डीआरएस लिया और तीसरे अंपायर ने डेरिल को आउट करार दिया. ओवर की दूसरी गेंद का सामना करने के लिए कीवी कप्तान टॉम लेथम क्रीज पर आए. लेकिन वे सिर्फ एक गेंद के मेहमान साबित हुए. शार्दुल ने उन्हें पहली ही बॉल पर मिडऑफ पर हार्दिक पंड्या के हाथों कैच करवा दिया. शार्दुल की यह गेंद नकल बॉल थी, जिसे समझ पाने से पहले लेथम बल्ला चला चुके थे.
रोहित शर्मा के लकी मैन या गोल्डन ऑर्म कहे जाने वाले शार्दुल ठाकुर यहीं नहीं रुके. उन्होंन अपने अगले ओवर यानी पारी के 28वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स को भी चलता कर दिया. शार्दुल ने फिलिप्स को विराट कोहली के हाथों कैच करवाया. इस तरह देखते ही देखते न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 184 रन से 5 विकेट पर 200 रन हो गया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Devon Conway, India vs new zealand, Shardul thakur, Team india, Tom Latham
FIRST PUBLISHED : January 24, 2023, 19:57 IST
[ad_2]
Source link