[ad_1]
India vs New Zealand 3rd T20 Highlights: भारतीय टीम ने धुरंधर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खेलते हुए न्यूजीलैंड को टी20 सीरीज में 2-1 से मात दी. मेजबान टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मैच को 168 रनों से अपने नाम किया. टीम इंडिया ने बुधवार को इस मुकाबले में निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 234 रन का विशाल स्कोर बनाया जिसके बाद कीवी टीम 12.1 ओवर में 66 रन पर ऑलआउट हो गई.
7 रन तक ही झटके 4 विकेट
235 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. भारतीय गेंदबाजों ने किसी भी बल्लेबाज को जमने का मौका नहीं दिया और कीवी टीम का स्कोर 2.4 ओवर में ही 4 विकेट पर 7 रन कर दिया. फिन एलेन (3) को हार्दिक ने शुरुआती ओवर में ही चलता किया. फिर अगले ओवर में अर्शदीप सिंह ने डेवोन कॉनवे (1) और मार्क चैपमैन (0) को शिकार बनाया. ग्लेन फिलिप्स को पारी के तीसरे ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंद पर सूर्यकुमार ने शानदार कैच लपकते हुए पवेलियन की राह दिखा दी.
भारतीय गेंदबाजों ने मचाया धमाल
टीम इंडिया के गेंदबाज लगातार विकेट लेते रहे. माइकल ब्रैसवेल (8) को उमरान मलिक ने बोल्ड किया जिससे न्यूजीलैंड की आधी टीम 21 रन के स्कोर तक पवेलियन पहुंच गई. पारी के 9वें ओवर में पेसर शिवम मावी ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया. कप्तान मिचेल सैंटनर (13) को सूर्यकुमार ने लपका. फिर ईश सोढ़ी (0) को राहुल त्रिपाठी ने कैच आउट कर दिया. लॉकी फर्ग्युसन (0) को हार्दिक पांड्या ने पारी के 10वें ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन भेजा जिससे मेहमान टीम का स्कोर 8 विकेट पर 54 रन हो गया.
गिल का शानदार शतक
इससे पहले युवा ओपनर शुभमन गिल ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक जड़ा. वह ओपनिंग को उतरे और 126 रन बनाकर नाबाद लौटे. गिल ने नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में ताबड़तोड़ अंदाज में बल्ला चलाया. उन्होंने महज 63 गेंदों पर 12 चौके और सात छक्कों की मदद से नाबाद 126 रन बनाए. उन्होंने मेहमान टीम के गेंदबाजों को चारों ओर पीटा. टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही और मिचेल सैंटनर ने माइकल ब्रेसवेल को दूसरा ओवर देकर ‘मास्टर स्ट्रोक’ खेला. इस ऑफ स्पिनर ने भी अपने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरते हुए ओवर की दूसरी गेंद पर ईशान किशन को पगबाधा आउट कर दिया.
[ad_2]
Source link