[ad_1]
नई दिल्ली. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन गजब का खेल देखने को मिला. दिल्ली टेस्ट के दूसरे दिन को बेहतरीन कैच के लिए भी याद किया जा सकता है. बेहतरीन कैच की शुरुआत श्रेयस अय्यर के आउट होने से हुई. पीटर हैंड्सकॉम्ब ने श्रेयस अय्यर का फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर इतना बेहतरीन कैच लपका कि भारतीय बैटर और दर्शकों को एकबारगी यह यकीन करना मुश्किल हो गया. दिलचस्प बात यह है कि श्रेयस को इस कैच का बदला लेने का मौका दूसरे दिन यानी शनिवार को ही मिल गया.
बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी सीरीज के दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी के आधार पर भारत पर 1 रन की बढ़त ली है. ऑस्ट्रेलिया ने मैच के दूसरे दिन भारत को 262 रन पर आउट कर दिया. ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन 263 रन बनाए थे.
श्रेयस अय्यर ने दिल्ली टेस्ट से टीम इंडिया में वापसी की. वे चोट के कारण पिछला टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे. श्रेयस की वापसी सुखद नहीं रही क्योंकि वे महज 4 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें नाथन लायन ने अपना शिकार किया. हालांकि, श्रेयस के विकेट में लॉयन से ज्यादा हाथ पीटर हैंड्सकॉम्ब का था. हैंड्सकॉम्ब ने फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर श्रेयस अय्यर का शानदार कैच लपका. हैंड्सकॉम्ब को किस्मत का साथ भी मिला. श्रेयस अय्यर ने लायन की गेंद पर फ्लिक किया, लेकिन गेंद सामने खड़े पीटर हैंड्सकॉम्ब से टकरा गई. गेंद पहले पीटर हैंड्सकॉम्ब के बांह से टकराई. फिर नीचे गिरने लगी. लेकिन, पीटर ने तेजी दिखाते हुए दो-तीन प्रयास में उसे लपक लिया.
श्रेयस अय्यर ने ऑस्ट्रेलिया से इसका बदला लेग स्लिप पर कैच लेकर लिया. उन्होंने लेग स्लिप पर उस्मान ख्वाजा का कैच किया, जिन्होंने पहली पारी में 81 रन बनाए थे. उस्मान ने दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा की गेंद पर स्वीप खेला. गेंद बैट के बीचोंबीच आई और पूरी रफ्तार से निकली. लेकिन श्रेयस अय्यर बीच में आ गए. उन्होंने बड़ी सफाई से गेंद को लपककर दूसरी पारी में भारत को पहली सफलता दिला दी. यकीनन यह विकेट रवींद्र जडेजा के खाते मं गया, लेकिन श्रेयस का कैच इतना शानदार था कि उस्मान ख्वाजा इसे लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे. इसी मैच में पैट कमिंस और मैट रेनशां ने भी बेहतरीन कैच लपके.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: India vs Australia
FIRST PUBLISHED : February 18, 2023, 17:06 IST
[ad_2]
Source link