[ad_1]
अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरा टेस्ट मैच खूबसूरत मोड़ पर है. ऐसा मोड़, जहां से यह मैच किसी भी टीम के पक्ष में जा सकता है. आज यानी मैच के तीसरे दिन पहले 2 सेशन बेहद अहम रहने वाले हैं. जो मारे सो मीर… की तर्ज पर इन 2 सेशन में जिस टीम ने बाजी मारी, वह मैच भी अपने नाम कर सकती है. मैच का अब तक ट्रेंड बताता है कि पहले सेशन में खूब विकेट गिरते हैं. भारत की टीम चाहेगी कि यह ट्रेंड बना रहे. ऑस्ट्रेलिया ट्रेंड तोड़ना चाहेगा. ट्रेंड अपनी जगह है, लेकिन इससे ज्यादा अहम पिच का रोल होगा. तीसरे दिन पिच कैसी होगी, इसका संकेत नाथन लायन ( Nathan Lyon) और अक्षर पटेल (Axar Patel) ने दे दिया है.
भारत vs ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट (IND vs AUS 2nd Test) के रिजल्ट की संभावनाओं पर नजर डालने से पहले मैच की ताजा स्थिति जान लेते हैं. मैच के दो दिन हो चुके हैं. ऑस्ट्रेलिया भारत पर कुल 62 रन की बढ़त बना चुका है. दूसरी पारी में उसके 9 विकेट बाकी हैं. ऐसे में वह बड़ी लीड लेने की कोशिश करेगा. जहां तक पहली पारी की बात है तो भारत ने ऑस्ट्रेलिया के 263 रन के जवाब में 262 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 1 रन की बढ़त मिली.
1987 के बाद नहीं हारा भारत
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है, जो पहले फिरोजशाह कोटला स्टेडियम के नाम से जाना जाता था. भारत इस स्टेडियम में आखिरी बार 1987 में हारा था. तब दिल्ली में 12 टेस्ट मैच खेले गए और भारत 11 में अजेय रहा है. 12वां मैच खेला जा रहा है.
276 रन चेज करने का ज्वाइंट रिकॉर्ड
चौथी पारी में लक्ष्य हासिल करने की बात है तो रिकॉर्ड बहुत बेहतर नहीं है. कोटला यानी अरुण जेटली स्टेडियम में अब तक सिर्फ 4 बार 200 से बड़ा टारगेट हासिल किया जा सका है. भारत ने ऐसी 3 जीत हासिल की है. एक जीत वेस्टइंडीज के नाम है. हाईएस्ट रन चेज का ज्वाइंट रिकॉर्ड भारत और वेस्टइंडीज के नाम है. दोनों ही टीमें यहां एक-एक बार 276 रन चेज कर चुकी हैं.
पिच धीमी, पर नागपुर से ज्यादा उछाल
रिकॉर्ड छोड़ मैच की ताजा स्थिति की बात कर लेते हैं, जैसे कि पिच कैसी बर्ताव करेगी और दोनों टीमों की ताकत और कमजोरी. पहले पिच की बात. नाथन लायन के शब्दों में, ‘दिल्ली की पिच पर नागपुर के मुकाबले ज्यादा उछाल है. स्पिनरों को मदद है, पर ज्यादा नहीं. पिच पर ऐसे कोई पैच नहीं बने हैं, जो स्पिनरों की अतिरिक्त मदद करते हों.’ अक्षर पटेल कहते हैं, ‘पिच लगातार स्लो हो रही है. एक बार बैटर जम जाए तो उसके लिए रन बनाना आसान हो जाता है. इसीलिए टर्न होने के बावजूद विकेट लेने के लिए गेंदबाजों को कड़ी मेहनत करनी होगी.’
टारगेट कितना अचीव हो सकता है
यह सवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस में नाथन लायन और अक्षर पटेल दोनों से किए गए. नाथन ने सीधा जवाब नहीं दिया. वे बोले भारत की बैटिंग मजबूत है. कहना मुश्किल है. इसलिए उनकी टीम अधिक से अधिक रन बनाने की कोशिश करेगी. वहीं, भारत की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले अक्षर पटेल ने कहा कि 220 से 250 रन तक का टारगेट अचीव किया जा सकता है. लेकिन ऑस्ट्रेलिया मैच के दूसरे ही दिन भारत पर 62 रन की बढ़त ले चुका है. ऐसे में भारत को उसे जल्दी आउट करना होगा.
तीसरे दिन की स्ट्रेटजी क्या हो
भारत की कोशिश होगी कि वह ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में टीब्रेक से पहले या उसके ठीक बाद आउट कर ले. पहले दो दिन की बात करें तो एक सेशन में 70 से 100 रन तक बने हैं. अगर ऑस्ट्रेलिया तीसरे दिन पहले 2 सेशन में 80 की औसत से भी रन बनाता है तो दो सेशन में 160 रन बन जाएंगे. उसके पास 62 रन की बढ़त पहले से है. यानी 2 सेशन खेलकर भी वह भारत को 220 से अधिक रन का लक्ष्य दे सकता है, जिसे हासिल करना आसान नहीं होगा.
अगर ऑस्ट्रेलिया तीसरे दिन 3 सेशन पूरा खेल गया तो वह 90 ओवर में 250 से अधिक रन बना लेगा. अगर इसमें 62 रन की बढ़त जोड़ लें तो भारत को 300 रन से ज्यादा का लक्ष्य मिल सकता है. ऐसे में भारत को जीतने के लिए इतिहास रचना होगा. कम से कम खेल की शुरुआत के समय भारत यह कभी नहीं चाहेगा कि उसे ऐसा रिकॉर्ड बनाने की चुनौती मिले. ऐसे में भारत की कोशिश यही होगी कि वह ऑस्ट्रलिया को दूसरी पारी में 200 से कम रन में ऑल आउट करे, ताकि लक्ष्य ऐसा रहे, जो दिल्ली में कई बार हासिल किया जा चुका है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Axar patel, India vs Australia, Nathan Lyon, R ashwin, Ravindra jadeja, Team india
FIRST PUBLISHED : February 19, 2023, 06:52 IST
[ad_2]
Source link