[ad_1]
हाइलाइट्स
महेंद्र सिंह धोनी की तरह आतिशी बल्लेबाजी करने वाला बैटर का करियर खत्म!
भारतीय टीम में जितनी तेजी से आया, उतनी ही तेजी से बाहर भी चला गया
रणजी ट्रॉफी में इस साल अपनी घरेलू टीम का टॉप स्कोरर रहा ये बैटर
नई दिल्ली. महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) जैसे बाल…वैसी ही चाल और पूर्व भारतीय कप्तान की तरह ही झारखंड की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेला. लेकिन टीम इंडिया में जिस तेजी से आया, उतनी ही तेजी से बाहर भी चला गया. भारत के लिए 13 साल पहले आखिरी मुकाबला खेला था. हम बात कर रहे हैं, सौरभ तिवारी (Saurabh Tiwary) की. एक दौर था, जब झारखंड के इस विकेटकीपर बल्लेबाज की तुलना महेंद्र सिंह धोनी से की जाती थी. सौरभ भी धोनी की तरह ही ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हैं. लेकिन, 3 मैच खेलने के बाद ही टीम इंडिया से ऐसे बाहर हुए कि वापसी के इंतजार में 13 साल बीत गए और उम्र 33 साल हो गई. ऐसे में अब भारतीय टीम में कमबैक होगा, ऐसा मुश्किल ही लगता है.
सौरभ तिवारी ने 11 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था. 2006-07 में झारखंड के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू से पहले वो झारखंड की अंडर-14 टीम से खेले थे. वो 2008 में विराट कोहली की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे. इसके 2 साल बाद ही मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में 18 छक्के (किसी टीम के लिए सबसे अधिक) और रणजी ट्रॉफी में झारखंड के लिए 3 शतक ने उन्हें 2010 में टीम इंडिया का टिकट दिला दिया.
3 मैच के बाद भारतीय टीम में मौका नहीं मिला
सौरभ तिवारी को जून 2010 में एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चुना गया. हालांकि, उन्हें वनडे डेब्यू के लिए अक्टूबर तक का इंतजार करना पड़ा. सौरभ ने अक्टूबर 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में डेब्यू किया. इसके बाद दिसंबर, 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए टीम में चुने गए. 2 मैच और खेले. लेकिन, इसके बाद टीम इंडिया से ऐसे बाहर हुए कि फिर वापसी ही नहीं हो पाई. हालांकि, वो घरेलू क्रिकेट और आईपीएल जरूर खेलते रहे. लेकिन, महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी में इस मिडिल ऑर्डर बैटर की भारतीय टीम में वापसी नहीं हो पाई.
आईपीएल से भी सौरभ हुए आउट!
सौरभ तिवारी 2017 से आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे थे. लेकिन, 2022 में टीम से रिलीज होने के बाद उन्हें नीलामी में किसी ने नहीं खरीदा और इस साल भी वो आईपीएल का हिस्सा नहीं होंगे. हाल ही में झारखंड का ये विकेटकीपर बैटर, तब विवाद में आया था, जब मैच के दौरान फैन की एक बात ऐसी चुभी कि वो बल्ला लेकर मारने दौड़ पड़ा था.
रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में सौरभ झारखंड के टॉप स्कोरर थे. उन्होंने 7 मैच में 59.36 की औसत से 653 रन ठोके थे. इस सीजन में उनके बल्ले से 2 शतक और 4 अर्धशतक निकले थे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Ms dhoni, Ranji Trophy, Saurabh Tiwary, Team india
FIRST PUBLISHED : February 28, 2023, 07:08 IST
[ad_2]
Source link