[ad_1]
नई दिल्ली. भारत की टीम को इंदौर के होलकर स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ (India vs Australia) एक मार्च से सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में उतरना है. आमतौर पर होलकर स्टेडियम को काफी छोटा माना जाता है. यहां दर्शकों के बैठने की क्षमता भी कम है. माना जाता है कि इस ग्राउंड पर काफी चौके-छक्के भी लगते हैं. ऐसे में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की टीम इंदौर में ही सीरीज पर कब्जा करने के लिए पूरी तरह से तैयार है. अगर टीम इंडिया ये मैच जीत लेती है तो सीरीज 3-0 से भारत के नाम हो जाएगी. विराट कोहली (Virat Kohli) जैसे सीनियर खिलाड़ी को भी इंदौर के हीरो के तौर पर जाना जाता है. इस पिच पर सबसे पहला दोहरा शतक विराट के बल्ले से ही आया था. ऐसे में टेस्ट में तीन साल के शतक के सूखे को भी विराट इसी ग्रांउड पर खत्म कर सकते हैं. फैन्स के मन में यहां यह सवाल उठना लाजमी है कि आखिरी बार यहां कब टेस्ट मैच खेला गया? किस टीम के खिलाफ इंदौर में भारत आखिरी बार टेस्ट मैच में उतरता था और किसे जीत मिली? आइये हम आपको इन सभी सवालों के जवाब देने का प्रयास करते हैं.
बांग्लादेश के खिलाफ मैदान में उतरा था भारत
भारत की टीम ने यहां आखिरी टेस्ट मैच 14 नवंबर 2019 से खेल था. तब विराट कोहली भारत के कप्तान हुआ करते थे. बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली थी. बांग्लादेश की टीम भारत दौरे पर आई हुई थी. इंदौर में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया. बांग्लादेश के कप्तान मोमिनुल हक ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया. भारत की टीम ने इस मैच में पारी और 130 रनों से जीत दर्ज की थी. पहले बैटिंग करते हुए बांग्लादेश की टीम 150 रन पर ऑलआउट हो गई. जवाब में टीम इंडिया ने बोर्ड पर 493/6 रन ठोक दिए. इसके बाद दूसरी पारी में भी बांग्लादेश महज 213 रन ही बना पाया.
मयंक अग्रवाल ने जड़ा दोहरा शतक
मयंक अग्रवाल मौजूदा वक्त पर टीम इंडिया से बाहर है लेकिन आखिरी बार जब यहां मुकाबला खेला गया था तब वो रोहित शर्मा के साथ टीम इंडिया की ओपनिंग किया करते थे. रोहित उक्त मैच में महज 6 रन पर ही आउट हो गए थे लेकिन मयंक एक बार जम गए तो फिर उन्होंने दोहरा शतक बनाकर ही दम लिया. उन्होंने इस मैच में 243 रनों की पारी खेली थी. 73 की स्ट्राइकरेट से खेलते हुए मयंक के बैट से 28 चौके और आठ छक्के आए. इस मुकाबले में पुजारा ने 54 रन बनाए जबकि विराट कोहली अपना खाता तक नहीं खोल पाए थे. अजिंक्य रहाणे ने 86 रन की पारी खेली. रवींद्र जडेजा 60 रन बनाकर नाबाद लौटे थे. रिधिमान साहा इस मैच में भारत के विकेटकीपर बैटर थे.
किसने की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी?
यूं तो इंदौर की पिच स्पिनर्स को मदद करती है लेकिन यहां आखिरी टेस्ट मैच में मोहम्मद शमी चमके थे. पहली पारी के दौरान शमी ने तीन विकेट निकाले थे जबकि दूसरी पारी में वो 4 विकेट अपने नाम करने में सफल रहे. रविचंद्रन अश्विन ने पहली पारी में दो और दूसरी पारी में तीन विकेट अपने नाम किए थे. जडेजा विकेट लेने में खाता तक नहीं खोल पाए. यह मुकाबला भारत ने तीसरे दिन ही जीत लिया था.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: IND vs AUS, India vs Australia, Mayank agarwal, Rohit sharma, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : February 28, 2023, 06:30 IST
[ad_2]
Source link