[ad_1]
हाइलाइट्स
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर में तीसरा टेस्ट खेला जा रहा
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पहले ओवर में 2 जीवनदान मिले
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया भले ही इंदौर में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में टॉस नहीं जीत पाया. लेकिन, उसकी शुरुआत जरूर अच्छी हो सकती थी. मैच का पहला ओवर बाएं हाथ के पेसर मिचेल स्टार्क ने किया. उनकी पहली ही गेंद पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को बड़ा जीवनदान मिला. स्टार्क की ये लेंथ गेंद थी, जो ऑफ स्टम्प के काफी बाहर थी. रोहित ने इस गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश की. गेंद उनके बल्ले के पास गुजरी तो आवाज भी आई. इसके बाद एलेक्स कैरी ने विकेट के पीछे गेंद को लपक भी लिया. ऑस्ट्रेलिया ने कैच के लिए जोरदार अपील की. लेकिन, अंपायर ने रोहित को आउट नहीं दिया.
इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ, एलेक्स कैरी और स्टार्क के बीच लंबी बात हुई. लेकिन, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने रिव्यू नहीं लिया. अगर कंगारू टीम रिव्यू लेती तो रोहित गोल्डन डक का शिकार होते. क्योंकि बाद में अल्ट्राऐज में ये नजर आया कि गेंद रोहित के बल्ले को छूते हुए विकेटकीपर कैरी के दस्तानों में गई थी. इस तरह रोहित को पहली ही गेंद पर बड़ा जीवनदान मिला.
चौथी गेंद पर फिर रोहित बच गए. इस बार स्टार्क की गेंद तेजी से अंदर की तरफ आई. रोहित पूरी तरह बीट हुए और गेंद बैट और पैड के बीच से निकलकर सीधा विकेटकीपर एलेक्स कैरी के ग्लव्स में समा गई. ऑस्ट्रेलिया ने एलबीडब्ल्यू की अपील की. एक बार फिर अंपायर नितिन मेनन ने रोहित को नॉट आउट करार दिया. ऑस्ट्रेलिया ने फिर रिव्यू नहीं लिया. लेकिन बाद में बॉल ट्रैकर में ये नजर आया कि गेंद सीधे स्टम्प से जाकर टकराती.
रोहित शर्मा पहले ओवर में मिले 2 जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और अपने पहले ही ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू कुहनेमन ने उन्हें आउट कर दिया. रोहित ने मैथ्यू की गेंद पर आगे निकलकर मिड ऑन के ऊपर से हवाई शॉट मारने की कोशिश की. लेकिन गेंद तक नहीं पहुंच पाई और अतिरिक्त उछाल में बीट हो गए और विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने कोई गलती नहीं की और बेल्स बिखेर दिए और इस तरह रोहित की 12 रन की पारी का अंत हो गया. 2021 से रोहित घरेलू टेस्ट की 11 पारी में 6 बार बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज के खिलाफ आउट हुए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Border Gavaskar Trophy, India vs Australia, Rohit sharma, Team india
FIRST PUBLISHED : March 01, 2023, 10:22 IST
[ad_2]
Source link